रिश्वत लेते पकड़ा गया लेखपाल, विरोध में साथियों ने घेर ली कोतवाली; खूब हुआ हंगामा

बरेली में एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद टीम उसे कोतवाली ले गई, जहां अन्य लेखपालों ने हंगामा करते हुए कोतवाली का घेराव कर दिया. आरोप लगाया कि लेखपाल को गलत फंसाया गया है और निष्पक्ष जांच की मांग की. इस घटना से तहसील और कोतवाली में अफरा-तफरी मच गई, और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा.

कोतवाली का घेराव करते लेखपाल Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार को अजीब स्थिति बन गई. यहां एंटी करप्शन की टीम ने सदर तहसील में एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. टीम लेखपाल को लेकर कोतवाली पहुंची. इतने में तहसील के अन्य लेखपालों ने हंगामा करते हुए कोतवाली का घेराव कर दिया. आरोप लगाया कि लेखपाल को जान बूझकर फंसाया गया है. चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.

जानकारी के मुताबिक एक किसान से लेखपाल विपिन पटेल ने रिश्वत मांगी थी. किसान ने इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दे दी. इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर लेखपाल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. टीम लेखपाल को लेकर कोतवाली पहुंची ही थी कि तहसील के अन्य लेखपालों ने हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते सभी लेखपाल कोतवाली पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया.

मच गई अफरा-तफरी

इसके बाद पहले सदर तहसील और कोतवाली में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी लेखपाल अपना काम छोड़कर कोतवाली पहुंच गए. इस दौरान एंटी करप्शन टीम के साथ लेखपालों की नोंकझोंक भी हुई. कुछ लेखपालों ने आरोप लगाया कि टीम ने गिरफ्तारी के दौरान अभद्र व्यवहार किया. दरअसल जब एंटी करप्शन की टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ ले जा रही थी तो कुछ लोगों ने गाड़ी रोकने की कोशिश की थी. हालात बिगड़ते देख कोतवाली में अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया. इसके बाद फोर्स के साथ लेखपाल को वहां से रवाना किया गया.

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के संबंध में खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताने वाले सुरेश चंद्र ने मीडिया को बताया कि वह अपने जमीन से जुड़े काम के लिए तहसील पहुंचे थे. तहसील में सभी लेखपाल अपना काम कर रहे थे. इसी दौरान कुछ लोग आए और लेखपाल विपिन पटेल को कुर्सी से उठाकर बाहर ले जाने लगे. सुरेश चंद्र ने कहा कि उन्होंने किसी को पैसे देते हुए नहीं देखा. उधर, लेखपाल की पत्नी विशेषता गंगवार, जो खुद भी लेखपाल हैं, ने भी एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. कहा कि उनके पति को गलत तरीके से फंसाया गया है.

Follow Us