बहू की पिटाई से आहत सास ने खाया जहर, पहुंची अस्पताल; प्रापर्टी को लेकर था विवाद

उत्तर प्रदेश के बरेली में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को तार-तार कर दिया. यहां एक बहू द्वारा मारपीट से परेशान होकर 58 वर्षीय सास अनुपम रस्तोगी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिवार ने पुलिस पर पहले कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है.

बरेली में सास की पिटाई का वीडियो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में रिश्तों का तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर इलाके में रहने वाली एक महिला की उसकी बहू ने बुरी तरह से पिटाई कर दी. इससे परेशान होकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया. देखते ही देखते उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महिला का आरोप है कि बेटा और बहू उसे लंबे समय से परेशान कर रहे थे. बुधवार को तो बहू ने उसके साथ मारपीट भी की. इससे आहत होकर उसने जान देने का फैसला किया.

पीड़ित महिला की पहचान 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी के रूप में हुई है. उनकी बहू द्वारा पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो पर संज्ञान लेकर बरेली पुलिस ने आरोपी बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल में भर्ती अनुपम रस्तोगी के पति राजीव रस्तोगी ने बताया कि परिवार में काफी समय से प्रापर्टी विवाद चल रहा है.

मकान अपने नाम कराना चाहता है बेटा

राजीव रस्तोगी के मुताबिक उनका छोटा बेटा और बहू मकान अपने नाम करवाना चाहते हैं. इसी बात को लेकर आए दिन घर में कहासुनी और झगड़ा हो रहा था. कई बार बेटे और बहू ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की. उन्होंने इसकी शिकायत पहले भी किला थाने में की थी, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई. परिवार का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो शायद मामला यहां तक नहीं पहुंचता.

अब एक्शन में पुलिस

घटना के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई. इसी बीच किसी ने बहू द्वारा मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया में डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल होने लगा. इसके बाद पुलिस भी एक्शन में आ गई. इधर, राजीव रस्तोगी ने पुलिस से बेटे और बहू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में जी रहा था. अब उनकी पत्नी के जहरीला पदार्थ खाने के बाद परिवार सदमे में है.

Follow Us