कौन है IPS अंशिका वर्मा की गोद में खेल रहा बच्चा? वायरल हो रही तस्वीर, जानें पूरी कहानी

बरेली में मासूम ऋषभ के अपहरण ने हड़कंप मचा दिया था. IPS अंशिका वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई कर बच्चे को सकुशल बरामद किया. अपहरणकर्ताओं का एनकाउंटर कर उन्हें दबोचा गया. अंशिका वर्मा की गोद में सुरक्षित बैठे ऋषभ की तस्वीर अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जो इस साहसिक पुलिस ऑपरेशन और मानवीय पहलू को दर्शाती है.

आईपीएस अंशिका वर्मा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में मासूम बच्चे ऋषभ के अपहरण ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया. पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए इस बच्चे को रेस्क्यू तो कर लिया, लेकिन अब आईपीएस अंशिका वर्मा की गोद में खेल रहे इस बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है. इन तस्वीरों में आईपीएस अंशिका वर्मा इस बच्चे को दुलारती नजर आ रही हैं. बच्चा भी उनकी गोद में खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है. सोशल मीडिया में वायरल इस तस्वीर को देखकर हर कोई यह पूछ रहा है कि ये बच्चा कौन है?

दरअसल यह वही मासूम है, जिसके अपहरण के बाद परिवार की दुनिया उजड़ गई थी. बरेली पुलिस भी दिन-रात इस बच्चे की तलाश में जुटी थी. बता दें कि बरेली में आंवला थाना क्षेत्र के मनोना धाम मंदिर में सफाई करने वाले अमन का मासूम बच्चा खेलते समय अचानक गायब हो गया था. घरवालों ने आसपास खूब तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को शिकायत दी गई. इसी बीच फिरौती मांगने की बात सामने आई. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने खोजबीन शुरू की थी.

अंशिका वर्मा के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम

एसएसपी बरेली ने आनन फानन में एसपी साउथ अंशिका वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित किया और जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया. पुलिस की सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन खंगाले तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में दूसरी टीम जुट गई. पुलिस को अनुमान था कि आरोपी ज्यादा दूर नहीं गया होगा. ऐसे में पुलिस ने रणनीति के तहत घेराबंदी की और आखिरकार दबोच लिया है.

पांच टीमों ने की घेराबंदी

इस जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले. इसमें पता चला कि आरोपी शाहजहांपुर जिले का रहने वाला योगेश है. वह नर्सिंग की पढ़ाई कर चुका है. इसी के साथ इनपुट मिला कि योगेश के साथ बदायूं का पवन सिंह भी है. आरोपी इस फिराक में थे फिरौती की रकम लेकर यहां से फरार हो जाएंगे. इधर, पुलिस इनकी हर चाल पर नजर रखे हुए थी. फिर सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस की पांच टीमों ने घेराबंदी की और एनकाउंटर के दौरान आरोपियों को दबोच लिया.

सकुशल बरामद हुआ मासूम

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद जब अंशिका वर्मा ने बच्चे को गोद में उठाया और उसे दुलार किया तो बच्चे का डर खत्म हो गया. यही तस्वीरें अब सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं. इस बच्चे को गोद में उठाकर खुद IPS अंशिका वर्मा भी भावुक हो गई. बच्चे के परिजनों का कहना है कि वो तो बच्चे के मिलने की उम्मीद ही छोड़ चुके थे.

दोनों आरोपी पहुंचे अस्पताल

एनकाउंटर में घायल दोनों आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है. इस दौरान आरोपियों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे कोई और भी हो सकता है. फिलहाल इस बच्चे को बरामद कर पुलिस राहत महसूस कर रही है. पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को अदालत में पेशकर जेल भेज दिया जाएगा.

Follow Us