बरेली के मेडिकल कॉलेज में रैगिंग, परेशान छात्र तीसरी मंजिल से कूदा; 6 पर FIR

बरेली के श्रीराम मूर्ति मेडिकल कॉलेज में एमडी छात्र ने रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है. छात्र ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश भी की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मेडिकल प्रशासन, डॉक्टरों और सीनियर छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

छात्र ने रैगिंग के बाद आत्महत्या की कोशिश की

बरेली में श्रीराम मूर्ति मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है. एमडी मेडिसिन प्रथम वर्ष के छात्र ने यह गंभीर आरोप लगाया है. इतना ही नहीं परेशान होकर छात्र ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश भी की. वहीं, अब पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, आरोप है कि एमडी में दाखिला लेने के कुछ समय बाद से छात्र को विभाग के कुछ सीनियर छात्रों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था. आरोप है कि ड्यूटी के दौरान अभद्र व्यवहार करना, अपमानजनक टिप्पणी करना, देर तक रोकना, निजी काम कराना, छुट्टी के दिन भी बुलाना और लंबे समय तक लगातार ड्यूटी कराने जैसी घटनाएं होती रहीं.

तीसरी मंजिल से कूदा, आईसीयू में होना पड़ा भर्ती

परिजनों का आरोप है कि इन परिस्थितियों के कारण छात्र मानसिक रूप से परेशान रहने लगा. पिता का आरोप है कि बेटे ने कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों को भी अपनी परेशानी बताई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. एफआईआर के अनुसार 2 मई 2026 को छात्र ने कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं.

घटना के बाद उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. परिवार का आरोप है कि बाद में छात्र ने बताया कि कुछ सीनियर छात्रों द्वारा उसके साथ लगातार रैगिंग, मानसिक दबाव और अमानवीय व्यवहार किया जाता था. तहरीर में कुछ छात्रों के नाम भी शामिल किए गए हैं. हालांकि, कॉलेज प्रशासन और नामित लोगों का पक्ष सामने आना बाकी है.

कॉलेज प्रशासन समेत इन लोगों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर डॉ. रितेश गोयल, डॉ. कुशाग्र शर्मा, डॉ. मानस खंडेलवाल, डॉ. लतिका और अन्य छात्रों के साथ कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं, पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी अमित अवस्थी का कहना है कि हमारा कोई भी वर्जन नहीं है.

Follow Us