लखनऊ में 14 नगरीय पीएचसी को मिला सिटी पॉलीक्लिनिक का दर्जा, डिप्टी सीएम ने किया उद्घाटन

लखनऊ में 14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यू-पीएचसी) को सिटी पॉलीक्लिनिक में अपग्रेड किया गया है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इनका उद्घाटन किया. पॉलीक्लिनिक में स्त्री रोग, बाल रोग, अस्थि रोग सहित कई विशिष्ट जांचें और उपचार उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा.

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

लखनऊ में 14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यू-पीएचसी) को सिटी पॉलीक्लिनिक में अपग्रेड किया गया है. पॉलीक्लिनिक में स्त्री रोग, बाल रोग, अस्थि रोग सहित कई विशिष्ट जांचें और उपचार उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा. यह कदम आमजन को उनके घर के करीब गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है.

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को औरंगाबाद पीएचसी में फीटा काटकर उच्चीकृत 14 सिटी पॉलीक्लिनिक का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्तापरक इलाज उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. यह कदम विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत लिया गया है.

टेलीमेडिसिन सुविधा, 63 प्रकार की डायग्नोस्टिक जांच

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दहत लखनऊ में मई माह से सिटी पॉलीक्लिनिक योजना संचालित की जा रही है. फिलहाल केवल नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों कर यह सुविधाएं दी जाएंगी. निकट भविष्य में सभी सीएचसी पर भी यह योजना लागू कर दी जायेगी. यहां अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर उपचार के लिए रेफर किया जा सकेगा.

इन पॉलीक्लिनिक केंद्रों पर टेलीमेडिसिन सुविधा, 63 प्रकार की डायग्नोस्टिक जांच सेवाएं तथा 195 प्रकार की आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही मरीजों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पॉलीक्लिनिक में स्टाफ नर्स, ऑप्टोमेट्रिस्ट, फिजियोथैरेपिस्ट और इंटीग्रेटेड काउंसलर की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी.

ये 14 यू-पीएचसी सिटी पॉलीक्लिनिक में अपग्रेड

लखनऊ में बरावन कलां, वृंदावन, भरवारा, जियामऊ, पिपराघाट, जानकीपुरम, आईआईएम, खड़गापुर, जरहरा, औरंगाबाद, नादरगंज, नाका, न्यू हैदरगंज, और छितवापुर शहरी परिवार कल्याण केंद्र को सिटी पॉलीक्लिनिक में अपग्रेड किया गया है. यहां पर ऑन कॉल और बैठने वाल विशेषज्ञ चिकित्सकों को कार्यदिवसों के अनुसार मानदेय दिया जाएगा.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित कीं. राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय तम्बाकू रोग नियंत्रण कार्यक्रम के स्टाल पर भी डिप्टी सीएम ने भ्रमण किया. इस दौरान विधायक ओपी श्रीवास्तव भी मौजूद रहे.

Follow Us