चाइनीज मांझे से गन्ना मंत्री के भतीजे की गर्दन कटी, हालत नाजूक, स्कूटी से स्टेडियम जा रहा था

बरेली में गन्ना मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गई है. उसे आनन- फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल, उसकी हालत नाजूक बनी हुई है.घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार भी पीलीभीत से तुरंत बरेली पहुंच गए. उन्होंने प्रशासन पर चाइनीज मांझे को बिकने को लेकर सवाल उठाए हैं.

गन्ना मंत्री संजय गंगवार Image Credit:

बरेली में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा लोगों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल श्यामगंज फ्लाईओवर पर सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. स्कूटी से जा रहा 15 वर्षीय किशोर वीर सिंह गंगवार अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया. इससे उसकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

घायल किशोर वीर सिंह गंगवार, गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार का बेटा है. घटना के बाद उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. हालत नाजुक है. परिवार और प्रशासन दोनों इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं.

फ्लाईओवर पर अचानक गले में फंसा मांझा

15 वर्षीय वीर सिंह गंगवार अपनी स्कूटी से स्टेडियम जा रहा था. जब वह श्यामगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे तो अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उसके गले में आकर फंस गया. वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और परिवार को घटना की सूचना दी.

आनन-फानन में घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब चाइनीज मांझे पर पहले से रोक है तो यह खुलेआम बाजार तक कैसे पहुंच रहा है.घटना की जानकारी मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार भी पीलीभीत से तुरंत बरेली पहुंच गए.अस्पताल पहुंचकर उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और परिवार से मुलाकात की.

मंत्री ने प्रशासन पर उठाए सवाल

अस्पताल में बातचीत के दौरान मंत्री संजय गंगवार ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार ने पहले ही चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगा रखा है. लेकिन इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता की बात है.उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रशासन से जवाब लिया जाएगा.

मंत्री ने साफ कहा कि वह बरेली के डीएम और एसएसपी से बात करेंगे और यह जानेंगे कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है.उन्होंने यह भी कहा कि सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी.

बरेली एसएसपी बोले कार्रवाई की जाएगी

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पीलीभीत में इस तरह का मांझा आसानी से दिखाई नहीं देता, लेकिन बरेली में इसकी उपलब्धता चिंता बढ़ा रही है.ऐसे में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है.वहीं, बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि पहले से चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है.अब इस घटना के बाद दोबारा अभियान तेज किया जाएगा.जहां भी प्रतिबंधित मांझा बिकता मिला, वहां कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us