राजनीतिक रैली के जाम में फंसे अभ्यर्थी, छूटी TET परीक्षा; DM से दोबारा मौका देने की मांग

बरेली में राजनीतिक रैली के कारण लगे जाम में फंसने से कई अभ्यर्थियों की यूपी-टीईटी परीक्षा छूट गई. समय पर केंद्र न पहुंच पाने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिला. नाराज अभ्यर्थियों ने DM से न्याय और दोबारा परीक्षा का मौका देने की गुहार लगाई है. हालांकि, प्रशासन ने ढील देने से साफ इनकार कर दिया है.

बरेली में जाम बना अभ्यर्थियों का दुश्मन Image Credit:

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) के पहले दिन बरेली में कई अभ्यर्थियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा. परीक्षा देने जा रहे कुछ अभ्यर्थी बदायूं रोड पर राजनीतिक रैली के चलते लगे लंबे जाम में फंस गए. उनका कहना है कि वे समय से पहले घर से निकले थे, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके.

इससे नाराज महिला अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है. अभ्यर्थियों ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र नैनीताल रोड स्थित मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में था. रास्ते में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य की रैली के कारण बदायूं रोड पर लंबा जाम लग गया. वे किसी तरह परीक्षा केंद्र पहुंचने पर, लेकिन तब तक गेट बंद हो चुका था.

महिला अभ्यर्थियों ने कहा, गलती हमारी नहीं थी

पीड़ित अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद अधिकारियों से अपनी स्थिति बताई, फिर भी उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया. उनका कहना है कि अगर रास्ते में असामान्य स्थिति पैदा नहीं होती तो वे समय से पहले केंद्र पहुंच जाते. उनकी देरी लापरवाही की वजह से नहीं, बल्कि जाम के कारण हुई. ऐसे में उन्हें परीक्षा से बाहर करना उनके भविष्य के साथ अन्याय है.

इसी मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा. उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके मामले को मानवीय आधार पर देखा जाए. अभ्यर्थियों ने मांग की है कि या तो उनके लिए दोबारा परीक्षा कराई जाए या फिर किसी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उन्हें परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जाए, ताकि उनकी मेहनत बेकार न जाए.

प्रशासन ने कहा, नियमों में राहत संभव नहीं

दूसरी ओर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों में किसी तरह की ढील नहीं दी जा सकती. एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा का संचालन तय नियमों के अनुसार किया जाता है. प्रवेश का समय समाप्त होने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी हो जाती हैं. ऐसे में देर से आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

Follow Us