अगले 48 घंटे यूपी पर भारी! तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, पश्चिमी और पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश हुई है, जिससे तापमान में 8-10 डिग्री की गिरावट आई और भीषण गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने ललितपुर, झांसी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

यूपी में बारिश का अलर्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से बेहतर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के कई इलाकों और पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि दोनों मौसम मंडलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है.

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान आगरा में 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम में बदलाव के चलते प्रदेशभर में तापमान में आठ से दस डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है.

इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश

मौसम विभाग ने ललितपुर, झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट में भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मेरठ, सहारनपुर, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर, कन्नौज, मिर्जापुर, औरैया, रायबरेली और उन्नाव समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है.

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है.

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 48 घंटे भारी

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश का प्रभाव दिखना शुरू हो गया है, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है.

गौरतलब है कि सामान्य तौर पर उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से इसकी एंट्री हुई. हालांकि अब मानसून के सक्रिय होने से प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है.

Follow Us