बस को रुकवाया, पिस्टल निकाली, फिर कर दी फायरिंग… बस्ती में बुलेट सवार युवक ने मचाया उत्पात

बस्ती में एक बुलेट सवार युवक ने साइड ना देने के विवाद में आपा खो दिया. उसने गुस्से में सबसे पहले बस रुकवाई. फिर पिस्तल निकाली और सीधे बस पर फायरिंग झोंक दी. गनीमत ये रही कि युवक का निशाना चूक गया. वरना गोली लगने से किसी की जान भी जा सकती थी.

बुलेट सवार युवक ने बस पर चला दी गोली Image Credit:

बस्ती में सड़क पर साइड ना देने से गुस्साए बुलेट सवार दबंग ने पहले तो बस को ओवरटेक कर रोका. फिर फिल्मी स्टाइल में बुलेट से उतरा. कमर से पिस्टल निकाल कर लोड किया और बस पर फायर झोंक दिया. छावनी थाना क्षेत्र के अवधेश सिंह ढाबा के पास का बताया जा रहा है.

बस पर फायरिंग का वीडियो आने के बाद मचा हड़कंप

अब युवक का बस पर फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने से शहर में हड़कंप मच गया. बता दें कि लालगंज थाना क्षेत्र के खोरिया निवासी अमरनाथ उपाध्याय के पिता का निधन मंगलवार यानी 03 जनवरी को हो गया था. परिजन उनका अंतिम संस्कार कराने अयोध्या गए थे. वापस लौटते वक्त साइड देने को लेकर ये विवाद हो गया.

ऐसे में बुलेट सवार दोनों युवकों ने बस को ओवरटेक कर कर लिया. इनमें से एक युवक ने ड्राइवर को अपशब्द कहना शुरू कर दिया. आपा खोते हुए बस पर गोली चला दी. इसके बाद अपने साथी संग बुलेट पर वापस बैठ घटना स्थल से फरार हो गया.

गोली चलाने के बाद हो गया रफूचक्कर

बस में बैठे लोगों की किस्मत अच्छी रही कि निशाना चूक गया. वरना बस के अंदर बैठे किसी को भी गोली लग सकती थी. फायरिंग के बाद बस रुकवाकर लोगों ने युवक को पकड़ना चाहा. फायरिंग के बाद बाइक सवार युवक अपने साथी संग मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने क्या कहा?

एएसपी श्यामाकांत ने बताया कि बस और दो बाइक सवारों में ओवर टेक को लेकर विवाद हो गया था. इस दौरान बुलेट सवार युवक ने फायरिंग कर दी. फिलहाल, किसी को गोली लगने की सूचना नहीं है. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.