BJP के पूर्व सांसद पर आरोप लगाकर अरबपति बिजनेसमैन ने फैमिली के साथ सुसाइड की धमकी क्यों दी?
बिजनौर में बीजेपी के नेता व पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर तालिब ब्रदर्स की फैक्ट्री पहुंचे. सील हो चुकी फैक्ट्री को दोबारा चलाने के बारे में सवाल- जवाब करने लगे तो ताबिल बंधुओं ने जमकर हंगामा किया.भारतेन्द्र सिंह के साथ आरोप लगाते हुए पूरे परिवार के साथ आत्महत्या की धमकी दी.
बिजनौर के खालिद-तालिब बंधुओं की प्लाईवुड फैक्ट्री है. वह शहर के अरबपति बिजनेस फैमिली में से एक गिने जाते हैं. अब खालिद-तालिब बंधुओं ने हाई वोल्टेज ड्रामा करते हुए सामूहिक आत्महत्या की धमकी दी है. दरअसल, खालिद तालिब बंधुओ की प्लाईवुड फैक्ट्री व आरामशीन चलती देख बीजेपी के नेता व पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह प्रशासनिक अधिकारियों को लेकर फैक्ट्री पहुंचे और सील फैक्ट्री को चलाने के बारे में सवाल- जवाब करने लगे.
अचानक से वहां मौजूद तालिब, खालिद और आबिद ने भारतेन्द्र सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया. पूरे परिवार सहित आत्महत्या करने की बात कही. मौके पर भारी पुलिस बल था. जिससे स्थिति बिगड़ने से पहले ही उसे कंट्रोल कर लिया गया.
पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह पर तालिब बंधुओं ने लगाए ये आरोप
बिजनौर के अरबपति कारोबारी तालिब और उसके भाईयो खालिद और आबिद ने भारतेन्द्र सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होने पांच करोड की डिमांड की थी रूपये नहीं देने पर तालिब ब्रदर्स के चार स्टोन क्रेशर, दो प्लाईवुड फैक्ट्री तीन आरा मशीनों को बंद करा दिया है. उनके सारे कारोबार पर ताला डल चुका है.
पिछले साल खालिद के बीजेपी के जिलाध्यक्ष से हुआ था विवाद
पिछले साल बीजेपी के जिलाध्यक्ष रॉबिन चौधरी और खालिद की गाड़ी निकालने को लेकर रास्ते में विवाद हो गया था. खालिद की रॉबिन चौधरी के साथ गाली गलौज और अभद्रता करते हुए वीडियो वायरल भी हुई थी. इसके बाद बिजनौर से सांसद रहे बीजेपी नेता भारतेन्द्र सिंह ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी.
खालिद भाइयों को भेजा गया जेल
प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कर खालिद व उसके भाइयों को जेल भेज दिया था. साथ ही उनकी व्यापारिक गतिविधियों की जांच करते हुए उनपर शिकंजा कसा था. एक के बाद एक सभी फैक्ट्रियों को प्रशासन ने किसी न किसी आधार पर सील कर दिया था. अब खालिद-तालिब बंधुओं ने अपनी फैक्ट्री को फिर से खोल दिया.
सवाल-जवाब पर तालिब, खालिद और आबिद ने कर दिया हंगामा
बुधवार शाम को बिजनौर के एडीएम, एसडीएम, तहसील दार व वन विभाग के अधिकारी भारतेन्द्र सिंह के साथ तालिब बंधुओ की चांदपुर रोड स्थित फैक्ट्री पर पहुंचे. सील की हुई फैक्ट्री को लेकर सवाल-जवाब करने लगे. इतने में ही तालिब, खालिद और आबिद ने हंगामा शुरू कर दिया.
तालिब बंधुओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया
हंगामा देख बीजेपी नेता भारतेन्द्र सिंह अपनी गाडी में बैठ गए. इस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आबिद गाड़ी के दरवाजे शीशे खींचते हुए नीचे लेट गया . वहीं खालिद ने एक पुलिस कर्मी की कार्बाइन छीनने का प्रयास किया. हंगामा बढता देख जांच टीम वापिस लौट गयी. बिजनौर के एस पी अभिषेक झा ने बताया कि तालिब बंधुओ ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ पूर्व सासंद भारतेन्द्र सिंह पर हमले का प्रयास किया है तीनों भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.