घरेलू कलह में सास ने खाया जहर, गुस्से में बहू ने भी लगा ली आग; हैरान कर देगी वजह
बिजनौर में घरेलू कलह ने भयावह रूप ले लिया. इसमें लव मैरिज से नाराज सास मिथिलेश ने जहर खाया, तो गुस्से में बहू दीपांशी ने खुद को आग लगा ली. दोनों गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं. यह घटना गल्लाखेड़ी गांव की है, जहां सास-बहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें लव मैरिज ही विवाद का मुख्य कारण सामने आया है.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में घरेलू कलह की वजह से दो महिलओं ने खौफनाक कदम उठा लिया. एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया तो दूसरी ने गुस्से में आग लगा ली. गनीमत रही कि पड़ोसियों को समय रहते खबर हो गई और दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां बहू की हालत नाजुक है. उसे प्राथमिक उपचार के बाद बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है.
वहीं दूसरी महिला को इलाज के लिए इसी अस्पताल में भर्ती किया गया है. मामला बिजनौर के थाना स्योहारा क्षेत्र में गल्लाखेड़ी गांव का है. पुलिस के मुताबिक गल्लाखेड़ी निवासी मिथिलेश (सास) और उनकी बहू दीपांशी के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था. बुधवार की सुबह इनके बीच मामूली कहासुनी हुई. इसके बाद सास मिथिलेश ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया. वहीं बहू ने भी खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली.
चीख-पुकार सुनकर मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. आनन फानन में लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है. बहु दिपांशी की हालत गंभीर होने की वजह से उसे सफदरजंग दिल्ली के लिए रेफर किया गया है. परिजनों के मुताबिक मिथिलेश के बेटे से बहू दीपांशी ने लव मैरिज किया था. इसकी वजह से दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई थी.
सास को पसंद नहीं था रिश्ता
पुलिस के मुताबिक सास मिथिलेश को यह रिश्ता पसंद नहीं था. इसकी वजह से घर में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर क्लेश होता रहता था. बुधवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह हुए झगड़े से क्षुब्ध होकर सास मिथिलेश ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया. सास को जहर खाता देख बहू दीपांशी ने भी कमरे में जाकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली.
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल
पुलिस के मुताबिक देखते ही देखते बहू आग की लपटों से घिर गई और चीखने-चिल्लाने लगी. उसकी चीखें सुनकर पास पड़ोस के लोग वहां पहुंचे कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही दोनों को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, बहू काफी हद तक झुलस चुकी है और सास के शरीर में जहर फैलने के कारण दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
जांच में जुटी पुलिस
इस दोहरे आत्मघाती कांड की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं. सीओ धामपुर अंजनी कुमार चतुर्वेदी के मुताबिक प्राथमिक जांच में विवाद की वजह लव मैरिज निकल कर सामने आया है. फिलहाल परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.