80 की उम्र में निकाह, एक साल में ही क्यों आई तलाक की नौबत?

बिजनौर में 80 साल के बुजुर्ग और 75 की महिला ने बुढ़ापे में सहारा बनने की उम्मीद में निकाह किया था. लेकिन महज एक साल में ही उनके रिश्ते में खटास आ गई. कई पंचायतें हुईं, लेकिन मामला सुलझा नहीं. आखिर में प्रधान की मध्यस्थता के बाद आपसी सहमति से तलाक हो गया, लेकिन सवाल है ये नौबत क्यों आई?

बिजनौर में 80 साल के पति-75 की पत्नी का एक साल में अलगाव (AI Image) Image Credit:

जिस उम्र में लोग जीवनसाथी का हाथ थामकर आखिरी सफर की शांति तलाशते हैं, वहां बिजनौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक 80 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 75 साल की पत्नी ने निकाह के महज एक साल बाद ही एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया. अब सवाल है निकाह के एक साल में ही तलाक की नौबत क्यों आई?

मामला नहटौर क्षेत्र के महमूदपुर बुजुर्ग गांव का है. 80 वर्षीय कमरूद्दीन ने नगीना देहात की 75 साल की नसीमा खातून से मार्च 2025 में इस उम्मीद के साथ निकाह किया था कि ढलती उम्र में वे एक-दूसरे का सहारा बनेंगे. यह निकाह काफी चर्चाओं में रहा था. समाज के लिए भी मिसाल था कि अकेलेपन दूर करने के लिए उम्र का कोई भी पड़ाव बाधा नहीं होता.

दोनों के बीच सालभर में ही क्यों टूट गया रिश्ता?

परिवारों की भी रजामंदी थी, दोनों ओर के रिश्तेदार निकाह के गवाह बने थे. लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच आपसी तालमेल की कमी और घरेलू विवाद शुरू हो गए. बात इतनी बढ़ गई कि मामला सुलझाने के लिए कई बार पंचायतों का आयोजन किया गया. परिजनों ने दोनों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन रिश्तों में आई खटास कम नहीं हुई.

75 साल की महिला नसीमा का कहना था कि कमरूद्दीन ने उससे यह कह कर निकाह करा था कि वह अपनी पोतियों से खाना पकवा कर खिलाएंगे, बाद में पता चला कि मियां तो अलग घर में रह रहे है. लेकिन उससे वह जवान काया वाले काम लेना चाहता था. अपने पास ही सुलाता था. इसलिए वह अपनी लड़की के घर जा कर ही रह लेगी.

पति रिश्ते को बचाने में था, लेकिन नसीमा अड़ी रहीं

गांव के अबरार प्रधान ने बताया कि बुजुर्ग कमरूद्इदीन इस रिश्ते को बचाने के पक्ष में थे, लेकिन उनकी पत्नी नसीमा अलग होने पर अड़ी रहीं. आखिर में पत्नी की जिद और बढ़ते विवादों को देखते हुए बुजुर्ग पति ने भारी मन से तलाक के कागजातों पर हस्ताक्षर किए. आपसी सहमति से इस निकाह को खत्म कर दिया गया. और नसीमा अपनी बेटी के घर रहने चली गई.

Follow Us