मुर्गा बनाकर पीठ पर रख दी भारी ईंट… जुआ खेल रहे युवक को अलीगढ़ में दरोगा ने दी अमानवीय सजा

अलीगढ़ के विजयगढ़ थाने में तैनात दरोगा अनिल गुप्ता पर एक युवक को अमानवीय सजा देने का आरोप लगा है. दरअसल, अनिल गुप्ता ने कथित तौर पर जुआ खेलने के आरोप में एक युवक को पकड़ा था.सजा के तौर पर दरोगा ने युवक को न केवल 'मुर्गा' बनाया, बल्कि उसकी पीठ पर भारी ईंट भी रख दी.

अलीगढ़ में दरोगा की अमानवीय सजा Image Credit:

अलीगढ़ के विजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक दरोगा द्वारा युवक को अमानवीय सजा देने का मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. मामला अलीगढ़ जिले के विजयगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला कसाईयान का है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक दरोगा, जिसकी पहचान अनिल गुप्ता के रूप में हुई है, एक युवक को सजा देते नजर आ रहे हैं.

युवक को बनाया मुर्गा, पीठ पर रख दी ईंट

​वायरल वीडियो के अनुसार, दरोगा अनिल गुप्ता ने कथित तौर पर जुआ खेलने के आरोप में एक युवक को पकड़ा था. सजा के तौर पर दरोगा ने युवक को न केवल ‘मुर्गा’ बनाया, बल्कि उसकी पीठ पर भारी ईंट भी रख दी. पीड़ित युवक का आरोप है कि दरोगा ने उसके पास मौजूद जुए के रुपये भी जबरन छीन लिए.​ सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की सजा देने को पुलिस नियमावली और मानवाधिकारों के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है.

विजयगढ़ थाने में तैनात है दरोगा

​वीडियो में दिख रहे दरोगा अनिल गुप्ता वर्तमान में विजयगढ़ थाने में तैनात बताए जा रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि कानूनन किसी भी अपराधी या संदिग्ध को सजा देने का अधिकार केवल न्यायालय के पास है, पुलिस का काम केवल जांच और गिरफ्तारी तक सीमित है.

दरोगा का हो सकता है निलंबन

वीडियो के संज्ञान में आने के बाद, अलीगढ़ पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है ओर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गयी है और दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है. फिलहाल दरोगा पर सस्पेंशन की तलवाल लटक रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग यूजर्स की तरफ से भी उसकी लानत-मलानत हो रही है.

Follow Us