कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव एक्सप्रेस-वे पर डाला; पत्नी-बेटा ही निकले कातिल

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक ब्लाइंड मर्डर केस का 72 घंटे में खुलासा हुआ है. मृतक रणवीर सिंह यादव की पत्नी और छोटे बेटे ने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर उनकी हत्या की थी. शराब की लत और संपत्ति बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद पति की जान ली गई. हत्या को सड़क दुर्घटना दिखाने के लिए शव को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर डाला गया था.

औरैया में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा Image Credit:

उत्तर प्रदेश में औरैया की पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है. यह वारदात मृतक की पत्नी और बेटे ने अंजाम दिया था. वहीं हत्या को एक्सिडेंट दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को एक्सप्रेसवे पर इस प्रकार डाल दिया कि कोई भी गाड़ी इसके ऊपर से पार हो जाए और बाद में मामला एक्सिडेंट के रूप में ही बंद हो जाए. हालांकि समय रहते हरकत में आई पुलिस ने वारदात का खुलासा कर दिया है.

पुलिस ने तीन आरोपियों को अरेस्ट कर जरूरी पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बता दें कि दो दिन पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अछल्दा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिला था. पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शव की पहचान कराई. शव की पंचनामा में साफ हो गया कि मामला एक्सिडेंट का नहीं, बल्कि मर्डर का है. ऐसे में पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की.

ऐसे हुआ खुलासा

शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान मढ़ा प्रीतम थाना अछल्दा के रहने वाले रणवीर सिंह यादव रूप में कराई. पता चला कि वह घर से गायब था. ऐसे में पुलिस ने रणवीर के बड़े बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू कर दी. सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि वारदात में घर वाले ही शामिल हैं. इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर रणवीर की पत्नी, छोटे बेटे हर्ष उर्फ हर्षित और एक रिश्तेदार गुरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें वारदात का खुलासा हो गया.

इसलिए किया मर्डर

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रणवीर शराब पीने का आदी था. वह पैतृक संपत्ति बेचकर शराब में पैसा उड़ा रहा था. इस बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था. घटना वाली रात भी रणवीर ने पत्नी विनीता के साथ मारपीट की. इसकी जानकारी विनीता ने बेटे हर्ष को दी. थोड़ी ही देर में हर्ष अपने रिश्तेदार गुरजीत के साथ आया और फिर तीनों ने कुल्हाड़ी और लोहे के सब्बल से वारकर रणवीर की जान ले ली.

Follow Us