शोहरत की बुलंदी पल भर का तमाशा… बृजभूषण ने विनेश फोगाट पर साधा निशाना? शायरी की टाइमिंग से उठे सवाल
पहलवान विनेश फोगाट और बृजभूषण शरण सिंह के बीच सोशल मीडिया पर शायरी का "युद्ध" छिड़ गया है. विनेश ने अपने संघर्ष और दृढ़ता को दर्शाते हुए शायरी साझा की, जिसका बृजभूषण ने पलटवार करते हुए जवाब दिया. हालांकि, ये अभी स्पष्ट नहीं, लेकिन शायरी की टाइमिंग से सवाल उठ रहे हैं.
बीजेपी नेता और पूर्व डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर एक शायरी पोस्ट की है, जिसको अलग-अलग एंगल से देखा रहा है. कुछ इसे योगी मंत्रिमंडल के विस्तार से देख रहे हैं. जबकि कईयों का कहना है कि यह पहलवान विनेश फोगाट द्वारा साझा की गई शायरी पर पटवार है. अब शायरी की टाइमिंग से सवाल उठने शुरू हो गए हैं.
भारतीय पहलवान और हरियाणा से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने बीते दिन सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया था. इसमें लिखा कि, ‘जिंदगी फंसी हैं किसी मंझधार में, जमाना ढूंढता हैं खामी मेरे किरदार में… जिंदगी तेरा सर सदा बुलंद रखा हैं, झुकाने की ताकत नहीं किसी तलवार में.’ वहीं, बृजभूषण सिंह ने भी आज इसी तरह शायरी पोस्ट की है.
बृजभूषण सिंह के शायरी की टाइमिंग से उठे सवाल
बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को X पोस्ट पर लिखा, ‘शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है… जिस शाख पे बैठे हो, वो टूट भी सकती है.’ अब दोनों शायरी की टाइमिंग से सवाल उठने शुरू हो गए हैं. क्योंकि, हाल में बृजभूषण सिंह और विनेश फोगाट के बीच वाकयुद्ध तेज हुआ है, जब विनेश ने खुद को यौन उत्पीड़न मामले में पीड़िता बताया.
बृजभूषण सिंह अपने खिलाफ महिला पहलवानों द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों के घिरे हैं. यह मामला अभी अदालत में चल रहा है. हालांकि, कुछ दिन पहले यह तब और तेज हो गया जब विनेश फोगाट ने सार्वजनिक रूप से खुलासा किया कि वे उन 6 महिला पहलवानों में से एक हैं, जिन्होंने बृजभूषण के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी.
कुश्ती में विनेश फोगाट की वापसी पर लगा ग्रहण
वहीं, एक अलग एंगल यह भी है कि शनिवार को डब्ल्यूएफआई ने विनेश फोगाट पर एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए. साथ ही उन्हें 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया. माना जा रहा है कि विनेश फोगाट का भावुक पोस्ट इसकी के संबध में था, जिसको लेकर वह WFI पर आक्रामक भी रही हैं.
दरअसल, विनेश फोगाट ने पहले कुश्ती से संन्यास ले लिया था, लेकिन अब वह वापसी करना चाहती हैं. WFI का कहना है कि रिटायरमेंट के बाद वापसी करने फोगाट ने अनिवार्य छह महीने की नोटिस अवधि पूरी नहीं की है. ऐसे में विनेश फोगाट गोंडा में रविवार से शुरू हो रहे नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी नहीं कर पाएंगी.
बृजभूषण की शायरी योगी कैबिनेट विस्तार पर तंज?
यूपी के गोंडा में 10-12 मई 2026 को सीनियर ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है. गोंडा, बृजभूषण सिंह का गृह क्षेत्र है. कुछ दिनों पहले विनेश फोगाट ने गोंडा में टूर्नामेंट के आयोजन के निष्पक्षता पर सवाल किए थे. साथ ही, उन्होंने वहां पर अपनी सुरक्षा सुरक्षा पर चिंता जताई थी. उनका कहना था कि WFI में अभी भी बृजभूषण सिंह का ही दबदबा है.
वहीं, दूसरी तरह लोग बृजभूषण सिंह के शायरी को योगी कैबिनेट विस्तार पर तंज के रूप में देख रहे हैं. माना जा रहा है कि बृजभूषण अपने बेटे और विधायक प्रतीक भूषण सिंह को कैबिनेट में जगह न मिलने से खासे नाराज हैं. चर्चा है कि बृजभूषण शरण सिंह पार्टी के कुछ फैसलों और संगठन में अपनी अनदेखी से भी आहत हैं, जिसपर यह पोस्ट आया है.