पत्नी ने फेसबुक पर लगाई नीले ड्रम की पोस्ट, खौफ में थाने पहुंच गया पति; कहा- उसे प्रेमी के साथ भेज दो
बुलंदशहर में एक पति ने अपनी पत्नी के फेसबुक पर नीले ड्रम संबंधी पोस्ट देखकर खौफ में आ गया. उसने तुरंत थाने पहुंच कर अपनी पत्नी से छुटकारा दिलाने की मांग कर डाली. बताया कि उसकी पत्नी का अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध है और इसी की वजह से वह अक्सर झगड़ा करती है. मामला मीडिएशन सेंटर पहुंचा जहां दोनों पक्षों की सहमति से उनका अलगाव हो गया है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ में पिछले साल हुई नीले ड्रम वाली घटना का खौफ लोगों में आज भी है. उत्तर प्रदेश के ही बुलंदशहर में एक युवक ने इस नीले ड्रम के खौफ में अप्रत्याशित फैसला लिया है. उसने खुद थाने पहुंचकर अपनी पत्नी से छुटकारा दिलाने की गुहार लगाई. बाद में मामला मीडिएशन सेंटर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों से बातचीत के बाद इन्हें अलग करने पर सहमति बन गई. इसके बाद युवक की पत्नी भी अपने बॉयफ्रेंड के साथ चली गई है. वहीं छुटकारा पाते ही युवक ने भगवान को धन्यवाद दिया है.
मामला बुलंदशहर नगर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दौलतगढ़ का है. इस गांव में रहने वाले राजकुमार की शादी कुछ साल पहले हुई थी. इसके बाद इन्हें एक बच्चा भी हुआ, लेकिन शादी के बाद से ही इनके घर में आए दिन विवाद होने लगे. युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी अक्सर झगड़ा करती है और पैर पटकते हुए मायके चली जाती है. इससे उसके घर में हमेशा तनाव की स्थिति रहती है. युवक ने बताया कि उसकी पत्नी का उसके गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध है. वह उसके साथ ही रहना चाहती है.
पोस्ट देखते खौफ में आया पति
पीड़ित पति के मुताबिक पत्नी के साथ रोज रोज के झगड़े पुलिस तक पहुंच चुके हैं. बल्कि महीने में 20 दिन उसे थाने के चक्कर काटने पड़ते हैं. इसी बीच उसकी पत्नी ने अपने फेसबुक पर नीले ड्रम की कहानी पोस्ट कर दी. इसे देखते ही राजकुमार खौफ में आ गया. पोस्ट देखते ही वह थाने पहुंच गया और पुलिस से गुहार लगाते हुए पत्नी से छुटकारा दिलाने की मांग की. इसके बाद पुलिस ने मामला मीडिएशन सेंटर भेज दिया गया. जहां दोनों पक्षों से बात करने के बाद इन्हें अलग करने पर मुहर लग गई है.
प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी पत्नी
मीडिएशन सेंटर में राजकुमार और उसकी पत्नी के अलावा दोनों के परिजन भी पहुंचे. दोनों पक्षों ने इन्हें खूब समझाने की कोशिश की. इस दौरान राजकुमार ने साफ कहा कि वह खौफ में हैं और इसके साथ नहीं रहना चाहता. वहीं उसकी पत्नी प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही. काफी बातचीत के बाद भी जब दोनों पक्ष साथ रहने को राजी नहीं हुए तो मीडिएशन सेल ने दोनों की सहमति से समझौता कराया और दोनों पक्ष वहीं से अलग हो गए. इतना होते ही पीड़ति पति ने राहत की सांस ली और भगवान का धन्यवाद दिया.