बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी गैंगस्टर नसीम एनकाउंटर में ढेर, डी-कंपनी से जुड़े थे तार
नोएडा STF और दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 50 हजार इनामी नसीम उर्फ रिजवान को मुठभेड़ में मार गिराया. नसीम 26 से अधिक मामलों में वांछित था और दिल्ली में दो हत्याओं में उसकी तलाश थी.
नोएडा एसटीएफ यूनिट ने दिल्ली क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर बुलंदशहर के सिकंदराबाद में मुठभेड़ के दौरान डी-कंपनी के सदस्य नसीम उर्फ रिजवान को मार गिराया. गोली लगने से घायल बदमाश की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. नसीम हत्या, रंगदारी समेत 26 से अधिक मामलों में वांछित था और दिल्ली में दो हत्याओं में उसकी तलाश थी.
यह मुठभेड़ शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को STF नोएडा यूनिट, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक के पास की गई. 50 हजार का इनामी नसीम के तार डी-कंपनी के जुड़े थे. छोटा शकील के कहने पर वह तारिक फतह और छोटा राजन को मारने की सुपारी ले चुका था.
दाऊद ग्रुप का सक्रिय सदस्य था नसीम
पुलिस के मुताबिक, 19 और 20 नवंबर की रात बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाबद क्षेत्र में यूपी STF की नोएडा यूनिट और क्राइम ब्रांच दिल्ली की टीम से बदमाशों की मुठभेड़ हुई, जिसमें नसीम को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया जिसको उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया, जहां उपचार के दौरान मृत्यु हो गई.
नसीम उर्फ रिजवान, पिता इस्लामिद्दीन, बुंडू निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयाल पुर दिल्ली का रहने वाला था. वह दाऊद ग्रुप का सदस्य था और वर्तमान में गाजियाबाद के थाना लोनी में हत्या के प्रयास के केस में वांछित था और पचास हज़ार का इनाम घोषित हो रखा था. इसके अलावा ये दिल्ली से दो हत्या के केस में वांछित चल रहा था.
तारिक फतह और छोटा राजन की ली थी सुपारी
नसीम उर्फ रिजवान 16 नवंबर को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास / सोनिया विहार इलाके में हुए समीर उर्फ भूरा हत्याकांड में मुख्य रूप से वांछित था. नसीम पर यूपी और दिल्ली में हत्या के 4 मुकदमों सहित हत्या के प्रयास , एक्सटॉरशन आदि के 26 से अधिक केस रजिस्टर्ड है.
इसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कैनेडियन मूल के तारिक फतह और तिहाड़ में बंद छोटा राजन को मारने की सुपारी ले ली थी. हालांकि, घटना करने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था.