पत्नी पर दिखाया ‘बाहुबल’! वायरल वीडियो पर FIR, अब नई मुश्किल में फंसे पूर्व विधायक गुड्डू पंडित
पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अपनी पत्नी अर्चना पंडा से मारपीट के वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं. बुलंदशहर पुलिस ने अर्चना की तहरीर पर गुड्डू पंडित के खिलाफ FIR दर्ज की है. वीडियो में उन्हें पत्नी के बाल खींचते और मारपीट करते देखा गया, जिससे वह नई कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं. यह घटना घरेलू हिंसा के गंभीर सवाल खड़े करती है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूर्व विधायक और बाहुबली गुड्डू पंडित एक बार सुर्खियों में हैं. इस बार उनकी चर्चा पत्नी की पिटाई को लेकर हो रही है. इस संबंध में बुलंदशहर की नगर कोतवाली पुलिस ने उनकी पत्नी अर्चना पंडा की तहरीर पर उनके खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि गुड्डू पंडित ने घर में घुसकर ना केवल पत्नी अर्चना की बुरी तरह से पिटाई की, बल्कि उनके साथ गाली गलौच भी किया. इस मार-पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
बता दें कि गुड्डू पंडित एक बार सपा के और एक बार बसपा के टिकट पर बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा सीट से विधयक रहे हैं. उनका अपनी पत्नी अर्चना पंडा के साथ विवाद भी काफी पुराना है. इसी बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अर्चना पंडा के साथ मारपीट और गाली गलौच करते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो खुद अर्चना पंडा ने ही सोशल मीडिया में अपलोड किया था.
क्यों वायरल हुआ वीडियो?
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अपनी पत्नी अर्चना पंडा के बाल पकड़कर घसीटते और पिटाई करते नजर आ रहे हैं. वहीं अर्चना पंडा भी झाड़ू से हमला करते और अपना बचाव करते नजर आती हैं. यह मारपीट और गाली गलौच काफी देर तक चलता है. इस घटनाक्रम के बाद अर्चना पंडा ने खुद यह वीडियो सोशल मीडिया में डाला, वहीं जब वीडियो वायरल हो गया तो थाने में आकर पति गुड्डू पंडित के खिलाफ नामजद तहरीर दी.
क्या कहती है पुलिस?
सीओ सिटी प्रखर पांडेय के मुताबिक पीड़िता अर्चना पंडा ने तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस घटनाक्रम से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. मामले की जांच में इस वीडियो को भी शामिल कर लिया गया है. आरोप है कि गुड्डू पंडित ने जबरन पीड़िता के घर में घुसकर गाली गलौच और मारपीट की है. मामले की जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई होगी.