बुलंदशहर के प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से आगे कूद कर दी जान, दिल्ली में दर्दनाक हादसा
बुलंदशहर के एक प्रेमी जोड़े ने दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर चलती ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. इस दर्दनाक घटना के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया. जीआरपी ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की. पुलिस इस आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने में जुटी है.
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक युवक और युवती की मौत से सनसनी फैल गई. दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना नगर के रहने वाले युवक और युवती के रूप में हुई है. घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया.
पुलिस के अनुसार, युवक और युवती सोमवार को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद परिजन दिल्ली के लिए रवाना
जीआरपी ने मौके से मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर दोनों की पहचान की. इसके बाद दोनों के शवों के लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जीआरपी ने साथ ही उनके परिजनों को इसकी सूचना दी है. घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए.
रेलवे पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है. स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जाएगी, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने क्या कुछ बताया?
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. पुलिस जांच में जुटी है.