20 मई को पूरे यूपी में बंद रहेंगी दवा की दुकानें, जानिए केमिस्ट एसोसिएशन ने क्यों लिया ये फैसला
लखनऊ में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है. इसको लेकर पूरे यूपी समेत देशभर में केमिस्ट 20 मई को हड़ताल करेंगे. इस दौरान उत्तर प्रदेश में मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी. केमिस्ट संगठनों का कहना है कि इस आंदोलन का उद्देश्य मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट संगठनों का आंदोलन तेज हो गया है. इसको लेकर पूरे यूपी समेत देशभर में केमिस्ट 20 मई को हड़ताल पर रहेंगे. इस दौरान उत्तर प्रदेश में मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी. ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) और लखनऊ केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है.
केमिस्ट संगठन नकली प्रिस्क्रिप्शन और नशीली दवाओं की ऑनलाइन बिक्री से सुरक्षा खतरों को लेकर चिंतित हैं. केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि इस आंदोलन का उद्देश्य मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. साथ ही आज जनता से 20 मई से पहले अपनी दवाएं खरीदने का आग्रह किया गया है, ताकि हड़ताल के दौरान असुविधा से बचा जा सके.
लखनऊ की प्रमुख दवा मंडियां रहेंगी ठप
केमिस्ट संगठनों का कहना है कि वे ऑनलाइन दवाओं की गलत बिक्री, भारी डिस्काउंट, AI से बनने वाले प्रिस्क्रिप्शन और मेडिकल दुकानों के हित जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि ऑनलाइन माध्यमों से फर्जी प्रिस्क्रिप्शन का उपयोग करके नशीली दवाओं की बिक्री और दुरुपयोग हो रहा है, यह युवाओं और नई पीढ़ी के लिए खतरा है.
यूपी समेत देशभर में केमिस्ट हड़ताल के दौरान 20 मई को लखनऊ की प्रमुख दवा मंडियां जैसे अमीनाबाद, चौक, अलीगंज, गोमती नगर और इंदिरा नगर सहित सभी खुदरा और थोक मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहेंगे. हालांकि, हड़ताल के दौरान सरकारी अस्पतालों जैसे लखनऊ के KGMU से जुड़े मेडिकल स्टोरों को खुला रखने पर विचार किया गया है.
दवाएं 20 मई से पहले खरीदने की अपील
AIOCD और लखनऊ केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने सभी केमिस्टों से आंदोलन को सफल बनाने के लिए शांति और एकता बनाए रखने की अपील की है. साथ ही लोगों से अपील की है कि वह रोज इस्तेमाल होने वाली दवाएं 20 मई से पहले खरीद लें, ताकि बाद में दिक्कत न हो. वहीं, तय़ हुआ है कि इस दौरान जरूरी और जान बचाने वाली दवाएं मिलती रहेंगी.