यूपी में सरकारी कर्मचारियों को तोहफा! चार दिन की छुट्टी के साथ सैलरी भी मिलेगी एडवांस

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को होली से पहले सभी सरकारी कर्मचारियों को सैलरी देने का निर्देश दिया है. इनमें आउटसोर्सिंग, संविदाकर्मी, सफाईकर्मी भी शामिल हैं. इसके अलावा इस बार होली पर सरकारी कर्मचारियों को लगातार 4 दिन का अवकाश भी दिया जा रहा है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ( फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के 17 लाख कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. प्रदेश मे होली को लेकर 3 दिन का अवकाश रहेगा. सरकार की तरफ से इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया गया है. योगी सरकार ने 2, 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी घोषित की है. वहीं एक तारीख को रविवार है. ऐसे में यूपी के सरकारी कर्मचारियों को एक साथ 4 दिन का अवकाश मिलेगा.

सरकार ने अधिकारियों को होली से पहले सभी सरकारी कर्मचारियों को सैलरी देने का निर्देश दिया है. इनमें आउटसोर्सिंग, संविदाकर्मी, सफाईकर्मी भी शामिल हैं. योगी सरकार ने कहा है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार ने इस फैसले को सही तरीके से क्रियान्वित कराने का आदेश दिया है.

3 मार्च के अवकाश को लेकर थी असमंजस की स्थिति

उत्तर प्रदेश सरकार के ऑफिशियल कैलेंडर के मुताबिक 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली की छुट्टी पहले से निर्धारित है. हालांकि, 3 मार्च यानी मंगलवार को अवकाश को लेकर असमंजस की स्थिति थी. लेकिन अब सरकार के आदेश के अनुसार 3 मार्च को भी छुट्टी रहेगी. वहीं, 1 मार्च को रविवार है. ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को एक साथ 4 दिन की अवकाश मिल सकता है.

सीएम योगी ने 3 मार्च को भी छुट्टी का दिया तोहफा

सीएम योगी सिंगापुर और जापान के विदेश दौरे पर गए हुए थे. गुरुवार यानी 26 फरवरी को देर रात वह लौटे हैं. इसके बाद उन्होंने अवकाश को लेकर ये आदेश देते हुए प्रदेश भर के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है. अब 3 मार्च मंगलवार को ऑफिस आने की चिंता किए बिना कर्मचारी आराम से होली का त्योहार एन्जॉय कर सकेंगे.

28 फरवरी खुले रहेंगे सभी विभाग और सरकारी कार्यालय

योगी सरकार ने महीने की अंतिम तारीख यानी 28 फरवरी को अवकाश घोषित नहीं किया है. 28 फरवरी यानी शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया गया है. इस दिन सभी विभाग और सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे. सरकारी कर्मचारियों को इस दिन अपनी ड्यूटी पूरी करनी होगी.