अब UP में रविवार के दिन भी होगी मकान-दुकान और जमीन की रजिस्ट्री
यूपी में अब रविवार के दिन भी मकान-दुकान और जमीन की रजिस्ट्री की जा सकेगी. ऐसे में जो व्यक्ति वर्किंग डे में नहीं आ सकते वो अपनी रजिस्ट्री रविवार को करवा सकते हैं. फिलहाल, कुछ ही जिलों में यह फैसला पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है. इसकी सफलता के बाद इसे हर जिले में लागू किया जा सकता है.
मकान हो या दुकान, आम तौर पर उसकी रजिस्ट्री कराने के लिए सोमवार से शनिवार तक का समय होता है.उसमें भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय होता है.अब रजिस्ट्री कराने के लिए आपको ज्यादा समय मिलेगा. शासन के आदेश पर रविवार को भी कार्यालय खोलने का पायलट प्रोजेक्ट दस दिन पहले शुरू किया गया था. यह प्रोजेक्ट पहले प्रदेश के पांच जिलों आगरा, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और वाराणसी में में शुरू हुआ था. अब इसकी शुरुआत कानपुर में भी हो गई है. माना जा रहा है इस प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इसे प्रदेश के सभी जिलों में लागू किया जा सकता है.
दोपहर 1 से रात 8 बजे तक भी कार्यालय खुला रहेगा
कानपुर में रजिस्ट्री के लिए चार जोन है. एआईजी स्टाम्प श्याम सिंह बेसन ने बताया कि इसके तहत अब रविवार को भी रोस्टर के हिसाब से रजिस्ट्री की जाएगी. हर तीन महीने एक जोन रविवार को खुलेगा और उस दिन किसी भी जोन की रजिस्ट्री हो उसको किया जाएगा. इस तरह पूरे वर्ष में चारों जोन एक एक करके रविवार को खुला करेगा. उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक और रोस्टर जारी किया गया है. इसके तहत अब बाकी दिनों में सुबह 10 से 5 के अलावा एक जोन में दोपहर 1 से रात 8 बजे तक भी कार्यालय खुला करेगा.
रविवार को काम करने वाले कर्मचारियों की अगले शनिवार छुट्टी
इससे सबसे ज्यादा सुविधा यह होगी कि जिनका ऑफिस का समय शाम 5 बजे तक का है उनको भी छुट्टी नहीं लेनी पड़ेगी और वो शाम 5 बजे के बाद भी अपनी रजिस्ट्री करवा सकते है.इसके अलावा जो वर्किंग डे में नहीं आ सकते वो अपनी रजिस्ट्री रविवार को करवा सकते हैं. एआईजी स्टाम्प श्याम सिंह बेसन ने बताया कि इसके लिए कर्मचारियों को भी राहत दी जाएगी और जो रविवार को काम करेंगे उनकी अगले शनिवार को छुट्टी रहेगी.इस सुविधा का पूरा रोस्टर भी जारी कर दिया गया है.
