जेवर एयरपोर्ट पर बनेगा कार्गो कैंपस और एयर कैटरिंग किचन… सिंगापुर में CM योगी के सामने 4458 करोड़ का करार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे से उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगातें मिली हैं. AISATS ने जेवर एयरपोर्ट के लिए 458 करोड़ के MoU पर हस्ताक्षर किए. इससे यूपी व्यापार, लॉजिस्टिक्स और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही InvestUP ने सिंगापुर कोऑपरेशन के साथ भी MoU किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (23-24 फरवरी) सिंगापुर के दौरे पर हैं. उनके दौरे के दूसरे दिन एविएशन सर्विस सेक्टर की दिग्गज कंपनी AISATS ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ 458 करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए. इसके तहत जेवर एयरपोर्ट पर दो प्रोजेक्ट, अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और एयर कैटरिंग किचन स्थापित करेगी.
मुख्यमंत्री योगी ने सिंगापुर में SATS के प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, मिस्टर केरी मोक के साथ बैठक की. उनकी मौजूदगी में, AISATS ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के लिए MoU साइन किया. इसके अलावा, सिंगापुर के मैनपावर मिनिस्टर डॉ. टैन सी लेंग और कोऑपरेशन एंटरप्राइज के CEO कोंग वाई मुन के साथ भी बैठक में कई करार हुए.
कार्गो कैंपस और एयर केटरिंग किचन को लेकर करार
एमओयू के अनुसार, एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक कार्गो कैंपस का निर्माण करेगी. यह कार्गो कैंपस न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा. इस पार्टनरशिप से यूपी में व्यापार बढ़ेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और रोजगार के बड़े मौके मिलेंगे.
साथ ही, AISATS की ओर से नोएडा एयरपोर्ट पर एक ताज एयर केटरिंग किचन भी बनाया जाएगा. यह किचेन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित होने वाली उड़ानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराएगा. यहां तैयार किया गया भोजन जेवर के साथ-साथ उत्तर भारत के दूसरे एयरपोर्ट्स को भी सर्विस देगा.
InvestUP और सिंगापुर कोऑपरेशन के बीच MoU
सीएम योगी और सिंगापुर कोऑपरेशन एंटरप्राइज के CEO कोंग वाई मुन के साथ बैठक में कई करार हुए. यह समझौता उत्तर प्रदेश में सस्टेनेबल इकोनॉमिक ग्रोथ, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. इसके तहत इंस्टीट्यूशनल कैपेसिटी बिल्डिंग, पॉलिसी फ्रेमवर्क डेवलपमेंट के लिए InvestUP के साथ करार हुआ.
समझौते के अनुसार, दोनों पक्ष न सिर्फ स्टडी विजिट्स व लीडरशिप डेलिगेशन का आयोजन करेंगे, बल्कि ट्रेनिंग व कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रमों का खाका तैयार कर उसे लागू भी कराएंगे. इससे लोगों की कार्यक्षमता व कौशल, दोनों को बेहतर किया जा सकेगा. दो माह के भीतर विस्तृत परियोजना समझौतों पर बातचीत शुरू की जाएगी.
CM योगी ने चांगी एयरपोर्ट लॉजिस्टिक्स हब का दौरा किया
सीएम योगी ने सिंगापुर के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर गान किम योंग और नेशनल सिक्योरिटी के कोऑर्डिनेटिंग मिनिस्टर और होम अफेयर्स मिनिस्टर के. शनमुगम के साथ भी बैठक की. साथ ही सिंगापुर में SATS चांगी एयरपोर्ट लॉजिस्टिक्स हब का दौरा किया. जहां जेवर एयरपोर्ट को देखते हुए, लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए जानकारी हासिल की.