तामेश्वरनाथ धाम बनेगा भव्य कॉरिडोर, बखिरा झील बनेगी इको-टूरिज्म हब; CM योगी का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी ने संत कबीर नगर और गोरखपुर में 475 करोड़ से अधिक की 139 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया. उन्होंने तामेश्वरनाथ धाम को भव्य कॉरिडोर और बखिरा झील को इको-टूरिज्म केंद्र बनाने का ऐलान किया. साथ ही 6.18 लाख नए परिवारों पक्का घर स्वीकृत होने की बात कही.

संत कबीर नगर में कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संत कबीर नगर में 475 करोड़ रुपये से अधिक की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि बाबा तामेश्वरनाथ धाम को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या धाम की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा. साथ ही बखिरा झील को इको-टूरिज्म हब बनाने का बड़ा ऐलान किया है.

मुख्यमंत्री गुरुवार को कुआनो नदी तट स्थित बाबा बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी प्रयास है. तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर बनने से क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

रामसर साइट, इको-टूरिज्म हब बनेगा बखिरा झील

सीएम योगी ने मेहन्दावल विधानसभा क्षेत्र की बखिरा झील का जिक्र करते हुए कहा कि इसे रामसर साइट और इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बड़े कार्य कर रही है. जहां उच्च शिक्षण संस्थान नहीं थे, वहां डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और ITI खोले जा रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य आने वाली पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाना है. डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, नौजवान व महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है. आज गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है.

संत कबीर नगर में 6.18 लाख लोगों को पक्का घर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में आने से पहले उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान उत्तर प्रदेश के 6 लाख 18 हजार नए पात्र परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत किए गए. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद को आवास उपलब्ध कराना है.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और सहायता राशि भी वितरित की. उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. साथ ही आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा.

Follow Us