देवरिया में प्राइमरी स्कूल की जमीन पर बन गया अवैध मदरसा! BJP विधायक ने की हटाने की मांग

देवरिया के बैतालपुर विकासखंड के भंडा गांव में सरकारी प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर मदरसा संचालित होने का आरोप लगाया गया है. मामला सामने आने के बाद सदर विधायक डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच कराने और अवैध मदरसा को हटाने की मांग की है.

सरकारी प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर मदरसा संचालित Image Credit:

देवरिया जिले के बैतालपुर विकासखंड स्थित भंडा गांव में प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर बने मदरसे को लेकर विवाद गहरा गया है. सदर विधायक डॉक्टर शलभ मणि त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने, अवैध अतिक्रमण हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले में बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

बैतालपुर विकासखंड के भंडा गांव का है मामला

मामला बैतालपुर विकासखंड के भंडा गांव का है. यहां सरकारी प्राथमिक विद्यालय की भूमि पर मदरसा संचालित होने का आरोप लगाया गया. विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि यह न केवल सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला है, बल्कि शिक्षा विभाग की संपत्ति के संरक्षण से भी जुड़ा गंभीर विषय है.

विधायक का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी होने के बावजूद समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों ने कई बार प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया था.

प्रशासन ने क्या कहा?

तहसीलदार सदर के.के मिश्र के अनुसार मामले में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया जारी है. अब इस मामले में प्रशासनिक जांच और बेदखली की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं. जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

देवरिया सदर के भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने बताया कि गांव के कुछ नौजवान ने शिकायत की थी कि प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर कब्जा करके अवैध मदरसे का निर्माण कराया गया है. हमने इसकी जानकारी प्रशासन को दी. प्रशासन से कार्रवाई के लिए कहा गया है.

स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मदरसे में ज्यादा बच्चे हैं, प्राथमिक विद्यालय में कम.जबरन गार्जियन पर दबाव बनाकर बच्चों को मदरसे में बुलाया जाता है और उन्हें पढ़ाया जाता है। इससे पहले भी यहां अवैध मजार बनाया गया था, जिस पर हमारे द्वारा ध्वस्तीकरण कराया गया. वक्फ बोर्ड की संपत्ति होने की वजह से अभी मामला कोर्ट में चल रहा है. आगे भी इस तरह के किसी भी लैंड जिहाद को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे.

Follow Us