वीडियो रिकॉर्ड कर मेकअप आर्टिस्ट ने लगाई फांसी, बोली- मेरी मौत के जिम्मेदार ये चार लोग
इटावा में एक मेकअप आर्टिस्ट ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले, उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें चार लोगों पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया. पति के अनुसार, ये लोग शादी से पहले की बातों को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे.
इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में सोमवार देर रात एक मेकअप आर्टिस्ट ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें चार लोगों का नाम लेते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान कोमल मिश्रा (26) पत्नी सौरभ द्विवेदी के रूप में हुई है. पति सौरभ द्विवेदी मूल रूप से कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के जगतपुरी के रहने वाले हैं और वर्तमान में इटावा के बढ़पुरा ब्लॉक में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं. दंपती करीब डेढ़ साल से वृंदावन कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे.
वीडियो में अपने पति को निर्दोष भी बताया
पति सौरभ के अनुसार, कोमल ने वीएलसीसी से ब्यूटिशियन का प्रशिक्षण लिया था और वह पेशे से मेकअप आर्टिस्ट थीं. वह लंबे समय से इवेंट मैनेजमेंट और मेकअप से जुड़े कार्यों में सक्रिय थीं. और कानपुर के चार लोगों के साथ काम कर रही थीं. वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे, जिससे वह बेहद तनाव में थी.
कोमल ने वीडियो में यह भी कहा कि उसका पति निर्दोष है और उसकी मौत के लिए उसे जिम्मेदार नहीं ठहराया जाए. वीडियो में उसने संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की. पति सौरभ द्विवेदी ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो पत्नी कमरे में फंदे से लटकी मिली. उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और उनकी मदद से उसे नीचे उतारा.
वीडियो की सत्यता और आरोपों की जांच तेज
सौरभ ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सौरभ का आरोप है कि पत्नी के साथ काम करने वाले दो पुरुष और दो महिलाएं शादी से पहले की कुछ बातों को लेकर लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. इसी वजह से उनकी पत्नी ने यह कदम उठाया.
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका का मोबाइल समेत अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए. पुलिस वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. कार्यवाहक सिविल लाइन थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया कि मृतका के पति ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस जांच कर रही है.
