गोरखपुर: थप्पड़ का बदला लेने के लिए दोस्तों ने की प्रेम सागर की हत्या, तीन आरोपी पहुंचे जेल
गोरखपुर में प्रेम सागर यादव की हत्या का खुलासा हो गया है. उसके तीन दोस्तों ने शराब पार्टी में हुए विवाद और थप्पड़ का बदला लेने के लिए निर्मम हत्या की. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. लगभग तीन महीने पहले की कहासुनी इस खूनी वारदात की वजह बनी.
गोरखपुर के हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय प्रेम सागर यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या की वजह तीन महीने पहले शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद था. प्रेम सागर ने अपने दोस्त अजीत यादव उर्फ सिंटू को थप्पड़ मार दिया था. इसी का बदला लेने के लिए तीन दोस्तों ने हत्या की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई की शाम आरोपी अखिलेश यादव ने प्रेम सागर को बातचीत के बहाने बुलाया और उसे शराब पिलाई. जब वह नशे में हो गया तो अखिलेश ने अपने साथी अजीत यादव उर्फ सिंटू और सुधीर यादव को मौके पर बुला लिया. इसके बाद तीनों प्रेम सागर को कार में बैठाकर बैजलपुर-सीउरा मार्ग पर एक सुनसान जगह ले गए.
लोहे की रॉड और डंडों से पीट-पीटकर हत्या
तीनों आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से प्रेम सागर पर ताबड़तोड़ हमला किया. सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद उसे मरा हुआ समझकर सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए. अगले दिन सुबह राहगीरों ने उसे बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क के किनारे खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया था.
प्रेम सागर को वहां से गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई थी. मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि थप्पड़ की घटना के बाद वे लगातार बदला लेने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं. तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है.
