अखिलेश यादव पर विवादित पोस्ट ने पकड़ा कानूनी मोड़, मंत्री नंदी के खिलाफ परिवाद दायर

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है. समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता ने प्रयागराज अदालत में उनके खिलाफ परिवाद दाखिल किया है. मंत्री नंदी पर अखिलेश यादव सहित सपा नेताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने आरोप है.

नंद गोपाल नंदी और अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और इलाहाबाद दक्षिण से विधायक नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मामला अब अदालत तक पहुंच गया है. समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने उनके खिलाफ प्रयागराज की अदालत में परिवाद दाखिल किया है. अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त 2026 की तारीख तय की है.

अदालत में दायर परिवाद में आरोप है कि बीते 18 जुलाई को मंत्री नंदी के फेसबुक और एक्स अकाउंट से ऐसी पोस्ट और वीडियो साझा किए गए, जिनमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव और पार्टी के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक बातें कही गईं.

सपा कार्यकर्ता संदीप यादव ने दायर किया परिवाद

परिवादी का कहना है कि इन पोस्टों से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई. साथ ही, इस तरह की सामग्री से समाज में तनाव और वैमनस्य फैलने की आशंका भी पैदा हो सकती है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि इन पोस्टों को सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर साझा किया गया.

सपा कार्यकर्ता संदीप यादव की ओर से परिवाद दायर किया गया है. मामले की सुनवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट योगेश जैन की अदालत में हुई. अदालत ने परिवाद दर्ज कर लिया है. अब 20 अगस्त को सुनवाई में परिवादी का बयान दर्ज किया जाएगा. इसके बाद अदालत उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय करेगी.

IT एक्ट और BNS की धाराओं में कार्रवाई की मांग

परिवाद के साथ कथित सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और संबंधित लिंक भी अदालत में साक्ष्य के रूप में पेश किए गए हैं. शिकायत में BNS की धाराओं 196(1), 319(2), 352, 353(3) और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की गई है. फिलहाल अदालत ने मामले की सुनवाई शुरू कर दी है और अगली तारीख पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

Follow Us