इटावा सफारी पार्क में गूंजी किलकारी, ‘नीरजा’ ने जन्मे 4 शावक; UP में बढ़ा शेरों का कुनबा

उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क की रानी शेरनी नीरजा ने 4 स्वस्थ शावकों को जन्म देकर वन्यजीव प्रेमियों को बड़ी खुशखबरी दी है. 8 मार्च को जन्मे इन शावकों के साथ, सफारी में शेरों की कुल संख्या अब 27 हो गई है. यह उपलब्धि इटावा की पहचान को मजबूत करती है और यूपी में एशियाई शेरों के संरक्षण प्रयासों को बढ़ाती है.

इटावा सफारी पार्क की शेरनी नीरजा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. इस सफारी पार्क की रानी शेरनी नीरजा ने एक साथ चार शावकों को जन्म दिया है. चारों शावक स्वस्थ और सुरक्षित हैं. इनके जन्म से सफारी प्रशासन में खुशी का माहौल है. इस शेरनी और चारो शावकों की लगातार निगरानी की जा रही है. इसी के साथ इस सफारी पार्क में पहले से कुल शेरों की संख्या 23 थी. इनमें 8 बब्बर शेर हैं और 11 शेरनियां हैं. वहीं 4 नवजात शावकों के लेकर कुल संख्या 27 हो गई है.

एक जमाने में इटावा की पहचान चंबल के डाकुओं से होती थी, लेकिन बीते कुछ वर्षों में यह पहचान बदली है. अब इस जिले को एशियाई शेरों के बड़े आशियाने के रूप में जाना और पहचाना जा रहा है. इटावा सफारी पार्क के डॉयरेक्टर डॉ. अनिल कुमार पटेल के मुताबिक इस पार्क की रानी शेरनी नीरजा ने 4 शावकों को जन्म देकर यहां शेरों का कुनबा बढ़ा दिया है. उन्होंने एक CCTV फुटेज भी जारी किया है. कहा कि नीरजा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह शानदार तोहफा दिया है.

8 मार्च को पैदा हुए चारो शावक

डॉ. पटेल के मुताबिक शेरनी नीरजा ने 8 मार्च की रात 8 बजकर 25 मिनट पर पहले शावक को जन्म दिया. फिर करीब 40 मिनट बाद दूसरे और अगले 40 मिनट बाद तीसरे तथा 9 बजकर 59 मिनट पर चौथे शावक को जन्म दिया है. उन्होंने बताया कि चारो शावकों की स्थिति सामान्य है. नीरजा खुद अपने चारो बच्चों की देखभाल कर रही है. ब्रीडिंग सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए सफारी पार्क के अधिकारी कर्मचारी भी शावकों और शेरनी पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

बब्बर शेर कान्हा से पैदा हुए चारो शावक

सफारी प्रशासन के अनुसार बब्बर शेर कान्हा के साथ शेरनी नीरजा की 18 नवंबर से 21 नवंबर 2025 के बीच मेटिंग हुई थी. इसके बाद आईवीआरआई बरेली की टीम ने जांच की. इसमें नीरजा के प्रेग्नेंट होने की पुष्टि हुई. इसके बाद से ही नीरजा को सघन निगरानी में रखा गया था. उसके खान पान और रहन सहन के विशेष इंतजाम किए गए थे. डिलीवरी होली के समय होने का अनुमान था, इसलिए इन दिनों विशेष चौकसी बरती जा रही थी. उन्होंने बताया कि शेरनी नीरजा तीसरी बार मां बनी है. इससे पहले वह दो बार में 5 शावकों को जन्म दे चुकी है. यह पांचों शावक सफारी में स्वस्थ रूप से पल रहे हैं.

अखिलेश यादव ने जताई खुशी

शेरनी नीरजा के चार शावकों को जन्म देने की खबर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुशी व्यक्त की है. उन्होंने सफारी के अधिकारियों, डॉक्टरों और कीपरों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण सफारी का परिवार लगातार बढ़ रहा है. उधर, सफारी के अधिकारियों ने बताया कि इस समय सफारी में शावक समेत कुल शेरों की संख्या 27 हो गई है. इनमें नर 8 और मादा 11 हैं. वहीं 4 नवजात शावकों के लिंग के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है.