पानीपत से उठाया, मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मांगी 5 लाख की फिरौती; घुसखोर निकला बिजनौर का दरोगा
बिजनौर में एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में निलंबित कर मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने पानीपत से एक युवक को हिरासत में लेकर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी. पीड़ित परिवार ने फिरौती मांगने की ऑडियो रिकॉर्डिंग एसपी को सौंपी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में फिर एक दरोगा की हरकत से पूरा महकमा शर्मासार है. दरोगा द्वारा अवैध वसूली और रिश्वत मांगने का खुलासा होने के बाद बिजनौर एसपी ने उसे सस्पेंड कर दिया है. इस वारदात में दरोगा के साथी रहे तीन कांस्टेबल भी सस्पेंड किए गए हैं. यह वारदात बिजनौर में नजीबाबाद थाने की है. इसमें नजीबाबाद थाने में साहनपुर चौकी प्रभारी (दरोगा) कुलवीर सिंह समेत चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक बिजनौर में नजीबाबाद थानांतर्गत साहनपुर चौकी पुलिस के चार जवानों ने आधी रात को हरियाणा के पानीपत में रहने वाले अमजद मजीदी के घर दबिश दी. पुलिसकर्मियों ने अमजद को बताया कि उनका भतीजा हमजा जंगल से पेड़ काटने के एक मामले में वांछित है. इसके बाद वे हमजा को पकड़कर जबरन अपने साथ चौकी में लाए और मारपीट की.
फिर मांगी फिरौती
हमजा परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हमजा को जेल भेजने और ऐसे संगीन मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, जिसमें हाईकोर्ट से भी जमानत न मिल सके. इस डर का फायदा उठाकर युवक को छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी. पुलिसकर्मियों की यह साजिश उस समय नाकाम हो गई जब अमजद के साथी नौशाद ने पैसे के लेन-देन और धमकी की पूरी बातचीत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया.
फिर एसपी ने लिया एक्शन
पीड़ित पक्ष ने गुरुवार को ऑडियो रिकॉर्डिंग के सबूतों के साथ बिजनौर के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से शिकायत की. पूरी स्थिति स्पष्ट करते हुए उनसे न्याय की गुहार लगाई. इसके बाद एसपी ने इन सबूतों की जांच कराई. सबूत सही पाए जाने पर एसपी ने दरोगा कुलवीर सिंह, सिपाही विजयपाल, गौरव और उपेंद्र के खिलाफ नजीबाबाद थाने में ही (जहां वे तैनात थे) भ्रष्टाचार और अवैध वसूली की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए. इसी के साथ उन्होंने चारों पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया.