‘मैं फांसी लगा रही….’, इवेंट ऑर्गेनाइजर ने बनाया VIDEO और दे दी जान, दोस्तों को बताया हैवान
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक इवेंट ऑर्गेनाइजर महिला कोमल ने फांसी लगाकर जान दे दी. अपनी मौत से पहले बनाए एक वीडियो में उसने कानपुर के कुछ दोस्तों पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. पति ने पुलिस को वीडियो सौंप दिया है, जिसमें कोमल ने उन सभी को उम्रकैद की सजा देने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक इवेंट ऑर्गेनाइजर महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी है. घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात की है. फांसी लगाते समय इस महिला ने एक मिनट 43 सेकंड का वीडियो बनाया और पति को भेज दिया. इसमें उसने अपने ही दोस्तों पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा दिलाने की मांग की है. इस वीडियो में उसे कहते सुना जा रहा है कि ‘गाइज, मैं फांसी लगाने जा रही हूं. इसकी वजह कानपुर के कल्याणपुर के बारासिरोही निवासी रुबी खान, शबीना खान और ब्रह्मनगर चौराहा के अभिषेक सिंह और उसका बेस्ट फ्रेंड रितेश रॉय है. मेरी मौत के बाद इन्हें उम्रकैद की सजा हो.’
पति की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक इस महिला की पहचान 26 वर्षीय इवेंट ऑर्गेनाइजर कोमल के रूप में हुई है. वह कानपुर के कल्याणपुर की रहने वाली थी और उसकी शादी साढ़े तीन साल पहले उसके मोहल्ले में ही रहने सौरभ द्विवेदी के साथ हुई थी. उसका पति इटावा की वृंदावन कॉलोनी में किराए का घर लेकर रहता है और बढ़पुरा ब्लॉक कार्यालय में नौकरी करता है. उसके साथ ही कोमल भी अपने ढाई साल की बेटी और चार महीने के बेटे के साथ रहती थी.
वीडियो बनाकर किया सुसाइड
पीड़ित पति ने बताया कि सोमवार की रात करीब 11:30 बजे वह गाड़ी में पेट्रोल डलाने के लिए पंप पर खड़ा था. तभी उसके मोबाइल पर पत्नी का मैसेज आया. यह मैसेज वीडियो के रूप में था. इसमें उसकी पत्नी कोमल गले में फांसी का फंदा डाले खड़ी थी. वीडियो में वह कह रही है कि उसकी मौत के जिम्मेदार रुबी खान, शबीना खान, अभिषेक सिंह और रितेश रॉय हैं. ये लोग उसका घर बर्बाद करना चाहते हैं, जबकि उसके पति बहुत अच्छे हैं. वीडियो देखकर सौरभ के पैरों तले जमीन खिसक गई. वह भागकर घर पहुंचा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की पूछताछ में पीड़ित पति ने बताया कि वह घर में पत्नी और दोनों बच्चों को छोड़कर निकला था. थोड़ी ही देर बाद पत्नी ने बच्चों को दूसरे कमरे में सुलाकर इस घटना को अंजाम दिया है. उसने बताया कि जब वापस वह घर पहुंचा तो कोमल फंदे से लटकी मिली. आनन फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इटावा के एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक पति ने वीडियो क्लिप पुलिस को सौंपी है, उसकी जांच कराई जा रही है.
दोस्तों पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
पति सौरभ ने पुलिस को बताया कि कोमल के कुछ दोस्त उसे ब्लैकमेल कर रहे थे. इससे वह मानसिक तनाव में थी. शादी से पहले की कोई बात वह ससुराल वालों को बताने की धमकी देते थे. फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. परिजन शव अंतिम संस्कार के लिए कल्याणपुर स्थित ससुराल ले गए हैं. उधर, कोमल की मां ने बताया कि हाल ही में कोमल मायके आई थी, लेकिन रात में कार सवार चार युवक उसे बुलाकर अपने साथ ले गए. बाद में कोमल ने सुसाइड कर लिया.