UP में आज भी मानसून मेहरबान, 10 जिलों में भीषण तो 26 में तेज बारिश का अलर्ट, देखें वेदर अपडेट

उत्तर प्रदेश में आज भी मानसून मेहरबान है, जहां 10 जिलों में भारी और 26 में तेज बारिश का अलर्ट है. कल हुई मूसलाधार बारिश से प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन (23-25 ​​जुलाई) मानसून कमजोर पड़ेगा, फिर 26 जुलाई से एक बार फिर पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा.

इमेज श्रोत: AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश में आज फिर मानसून मेहरबान है. आज भी प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं 26 अन्य जिलों में तेज बारिश हो सकती है. जबकि 20 से अधिक जिलों में मध्यम बारिश का अनुमान है. मंगलवार को नोएडा-गाजियाबाद से लेकर प्रदेश के तराई वाले जिलों तक खूब बारिश हुई. खासतौर पर मिर्जापुर, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संभल, चित्रकूट और बलिया समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई.

वहीं आज बुधवार को मौसम विभाग ने प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर समेत 10 से अधिक जिलों में भारी बारिश का संभावना जताई है. मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसी प्रकार नोएडा-गाजियाबाद से लेकर मेरठ-मुरादाबाद और सहारनपुर-शामली से लेकर बलिया-बनारस तक मध्यम बारिश की अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के बाकी जिलों में भी कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

मिलने वाली है तीन दिन की राहत

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश में आज भर और बारिश का जोर देखने को मिल सकता है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक मानसून कमजोर पड़ सकता है. इसकी वजह से 23 से 25 जुलाई के बीच कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर बुंदेलखंड और पूर्वांचल के सोनभद्र और मिर्जापुर के अलावा प्रदेश के दक्षिणी जिलों में छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा. फिर 26 जुलाई से एक बार फिर मानसून फिर सक्रिय होगा और प्रदेश भर में बारिश होगी.

गर्मी से मिली राहत

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को मिर्जापुर में सर्वाधिक 190 मिमी बारिश हुई है. इसके अलावा शाहजहांपुर में 125 मिमी, सिद्धार्थनगर में 120.8 मिमी और गोरखपुर में 111 मिमी बारिश हुई. प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई है. इस प्रकार प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हुई बारिश की वजह से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है. इससे प्रदेश वासियों को गर्मी से राहत मिल गई है.

Follow Us