फिरोजाबाद: ककरउ में दो मंजिला छत गिरी, 4 साल की बच्ची की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल

फिरोजाबाद में निर्माणाधीन दो मंजिला मकान का लेंटर गिरने से बड़ा हादसा हुआ. इस दुर्घटना में 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. गांव में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस जांच कर रही है कि क्या निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई.

फिरोजाबाद: निर्माणाधीन लेंटर ढहने से बड़ा हादसा Image Credit:

जनपद फिरोजाबाद में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा निर्माण हादसा सामने आया. थाना उत्तर क्षेत्र के ककरउ गांव में बन रहे दो मंजिला मकान का लेंटर डालते समय अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई. हादसे में 4 साल की बच्ची सोना की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मकान की दूसरी मंजिल पर लेंटर डाला जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक सपोर्ट कमजोर पड़ा और पूरा ढांचा तेज आवाज के साथ नीचे आ गिरा. इमारत का हिस्सा ताश के पत्तों की तरह ढह गया और नीचे मौजूद लोग मलबे में दब गए. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने खुद मलबा हटाना शुरू किया.

मलबा हटाने में लगी जेसीबी, NDRF भी पहुंचा

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं. भारी मलबे के चलते विशेष बचाव दल को भी लगाया गया. घायलों को तुरंत आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. जहां सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है. यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े करता है.

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि सेकंड फ्लोर की छत डाली जा रही थी, तभी लेंटर गिर गया. परिजनों के अनुसार उनके छह लोग घायल हुए थे, जिनमें एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि बाकी पांच खतरे से बाहर हैं. मलबा हटाने के लिए दो जेसीबी लगी हुई है. एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया. मजदूरों और घायलों के परिजान से पूछताछ जारी है.

निर्माण कार्य में लापरवाही तो नहीं- जांच जारी

एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि अब किसी के मलबे में फंसे होने की संभावना नहीं है. ठेकेदार के अनुसार 15 मजदूर और मिस्त्री मौके पर मौजूद थे, जो सुरक्षित हैं. पुलिस मामले की जांच की जा रही है कि निर्माण कार्य में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई है. प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, आगे की कार्रवाई जारी है.