प्यार का खौफनाक अंत: शिकोहाबाद में प्रेमी युगल ने पैर बांधकर लगाई खुद को आग, एक की मौत

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा हुआ है. एक प्रेमी युगल, ने खुद को आग लगा ली, जिसमें युवती की मौत हो गई। युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह घटना देर रात घर के किचन में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.

प्रेमी युगल ने खुद को आग लगाई, युवती की मौत Image Credit:

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है. जहां एक प्रेमी युगल द्वारा खुद को आग लगाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. इस हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात घर के किचन में हुई.

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गढ़ैया निवासी 18 वर्षीय खुशी और मोहब्बतपुर अहीर निवासी 19 वर्षीय अरुण के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. बताया जाता है कि खुशी अपने पिता के निधन के बाद अपनी मां और छोटे भाई के साथ रह रही थी.
घटना से कुछ दिन पहले खुशी अपनी मां और भाई के साथ मैनपुरी स्थित ननिहाल गई थी.

किचन में दोनों ने खुद को आग के हवाले कर दिया

पुलिस के अनुसार, खुशी ननिहाल से कपड़े खरीदने का बहाना बनाकर शिकोहाबाद लौट आई. शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह अरुण के साथ अपने घर पहुंची, जिसके बाद दोनों घर में ही रुक गए. देर रात लगभग 11 बजे दोनों ने मकान के किचन में खुद को आग के हवाले कर दिया. आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दरवाजा बंद होने के कारण उसे तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया. गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को फिरोजाबाद और फिर आगरा रेफर किया गया. इलाज के दौरान युवती खुशी ने दम तोड़ दिया, जबकि युवक अरुण का उपचार अभी जारी है.

पुलिस ने निकाला तो दोनों के पैर आपस में बंधे थे

घटना के बाद शनिवार सुबह सीओ अमरीश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. कुछ लोगों का कहना है कि जब पुलिस ने दोनों को बाहर निकाला, तब उनके पैर आपस में बंधे हुए थे. वहीं, पुलिस ने पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

Follow Us