नोएडा से लेकर वाराणसी तक लाइनों में लगे लोग… गैस संकट पर योगी सरकार के दावे से अलग है हकीकत

योगी सरकार ने राज्य में गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं होने का दावा किया था. लेकिन अब प्रदेश भर से गैस एजेंसियों के बाहर से जो तस्वीरें आ रही हैं, वह कुछ और कहानी बयां कर रही हैं. हर जगह लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइनों में खड़े दिख रहे हैं.

गैस सिलेंडर का संकट

योगी सरकार ने भले ही दावा किया कि पूरे प्रदेश में गैस किल्लत नहीं है.. लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है. नोएडा से लेकर वाराणसी तक… हर जगह लोग लाइन में लगे हुए हैं. कई जगहों पर सिलेंडर की कालाबाजारी की खबरें आ रही हैं. करीब एक हजार रुपये वाला सिलेंडर अब दो हजार रुपये में मिल रहा है. वहीं, कॉमर्शियल सिलेंडर न मिलने के कारण होटल-ढाबे के साथ ही KGMU जैसे बड़े मेडिकल संस्थान के हॉस्टल में भी खाना नहीं बन पा रहा है. कमोबेश यही हालत हर जगह है.

मंदिरों में बनने वाले प्रसाद के लिए सरकार ने सिलेंडर का इंतजाम किया है लेकिन वह भी दो दिन से ज्यादा नहीं चल पाएगा. ऐसे में वहां पर भी गैस संकट गहराता जा रहा है. गैस किल्लत का सबसे ज्यादा शादियों में देखने को मिल रहा है. आज भी यूपी में 10 हजार से अधिक शादियां हैं और सिलेंडर न मिलने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

गैस सिलेंडर ना मिलने पर नोएडा में लोगों ने किया प्रदर्शन

नोएडा के सेक्टर 18 में सिलेंडर ना मिलने से परेशान लोगों ने जाम लगाकर प्रदर्शन किया. सिलेंडर ना मिलने पर वे नाराज बताए जा रहे हैं. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगो को समझा बुझाकर सड़क से हटाया गया. गैस सिलेंडर की किल्लत से रेस्टोरेंट और ढाबे तकरीबन बंद होने लगे हैं. उधर कैटरर्स ने भी शादी के लिए ऑर्डर लेने ही बंद कर दिए हैं.

बरेली में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें

बरेली की गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं. कई लोग 2 से 3 घंटे तक लाइन में लगने के बाद गैस सिलेंडर ले पा रहे हैं. वहीं, कई के हाथों निराशा हाथ लग रही है. एक महिला ने बताया कि वह पिछले 4 दिन से गैस लेने आ रही है. लेकिन हर बार असफलता हाथ लगी. उम्मीद है कि आज गैस सिलेंडर लेकर ही घर जाएंगे.

गाजीपुर में सिलेंडर लेने के मशक्कत करनी पड़ रही है

गाजीपुर में भी गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. संचालकों का कहना है कि हम उन्ही ग्राहकों को सिलेंडर दे रहे हैं, जिन्होंने हफ्ते और 10 दिन पहले बुकिंग करा रखी है. उधर हाल-फिलहाल सिलेंडर के लिए बुकिंग करने वाले ग्राहक गैस एजेंसियों के चक्कर काटने और लाइन में लगने के लिए मजबूर हैं.

रायबरेली में गैस की कालाबजारी का आरोप

उधर रायबरेली में उपभोक्ताओं ने गैस की कालाबजारी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बिना गैस सिलेंडर मिले, उनके मोबाइल पर डिलीवर का मैसेज आ रहा है. उधर संचालक गैस एजेंसी में ताला लगाकर फरार है. ऐसे में लोगो ने एजेंसी के बाहर जमकर की नारेबाजी. डीएम से भी उपभोक्ताओं ने की लिखित शिकायत की है.

बागपत में भी गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें

बागपत जनपद में भी गैस सिलेंडर लेने आए उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जिले की कई गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. लोगों का कहना है कि गैस बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. इससे उन्हें बार-बार एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं.

सुबह 4 बजे से लाइन में लग जा रहे हैं लोग

बलिया में भी LPG गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ है. लोग सुबह 4 बजे से ही लाइन में लग जा रहे हैं. रोजाना इसी उम्मीद से आते हैं कि आज गैस सिलेंडर लेकर घर जाएंगे. इसमें से कईयों को निराश होकर घर जाना पड़ रहा है. यहां गैस एजेंसियों ने होम डिलिवरी भी बंद कर दी है.

वाराणसी में गैस सिलेंडर की उपलब्धता की ये है स्थिति

उधर वाराणसी में भी कई गैस एजेंसियों पर लोगों के लंबी-लंबी लाइनों में लगने की खबर है. काफी मशक्कत के बाद भी लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रही है. जिनको मिल भी रही है, उनकी बुकिंग कई दिन पहले की है. ऐसे में लोग रोजाना लाइनों में इसी उम्मीद से लग रहे हैं कि आज उन्हें गैस सिलेंडर मिल जाएगा.

Follow Us