नोएडा में अचानक से बढ़ा आवारा कुत्तों का आतंक, दो दिन में लगाए गए 824 एंटी रैबीज के टीके

नोएडा में कुत्तों के काटने के मामले बढ़े हैं. 2 दिन के अंदर जिला अस्पताल में 824 लोग एंटी रैबीज के टीके लगवाने पहुंचे. इसमें 500 से अधिक लोग ऐसे थे जिन्हें कुत्ते ने काटा था. बाकी एहतियातन टीका लगवाने अस्पताल पहुंचे थे.

नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक

नोएडा और आसपास के इलाकों में कुत्तों के काटने के मामले में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि नोएडा के जिला अस्पताल में 09 और 10 मार्च को 824 लोगों को एंटी रैबीज के टीके लगाए गए हैं. अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को एक ही दिन में 472 लोगों को एंटी रैबीज का टीका लगाया गया. फिर अगले दिन 352 लोगों ने टीका लगाया गया.

500 से अधिक लोग कुत्ते के काटने के हुए शिकार

अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक दो दिनों में टीका लगवाने आए लोगों में से 500 से अधिक लोग ऐसे थे जिन्हें कुत्ते ने काटा था. बाकी एहतियातन टीका लगवाने अस्पताल पहुंचे थे. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में कुत्तों के काटने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी हुई है. जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एंटी रेबीज वैक्सीन की व्यवस्था को दुरुस्त किया है.

पहले का रिकॉर्ड टूटा

जिला अस्पताल के सीएमएस अजय राणा ने बताया की करीब 6 साल पहले एक दिन में 412 एंटी रेबीज टीके लगाए गए थे. अब यह रिकॉर्ड टूट गया है. अब एक ही दिन में 472 टीके लगाने से यह रिकॉर्ड भी टूट गया है. उनका कहना है कि बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पताल में वैक्सीन के पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है. मरीजों को लापरवाही नहीं बरतने और समय-समय पर वैक्सीन और ओपीडी में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज कराने की सलाह दी जा रही है.

कुत्ता काट ले तो तुरंत करें ये तैयारी

जिला अस्पताल के सीएमएस अजय राणा कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले तो उसे सबसे पहले तुरंत घाव को साबुन और साफ पानी से धोना चाहिए. फिर जल्द से जल्द अस्पताल जाकर एंटी रेबीज का टीका लगवाना चाहिए. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसे में यह बेहद जरूरी है कुत्ता काटने के बाद डॉक्टर्स से जरूर कंसल्ट करना चाहिए.

Follow Us