…तो इसलिए दी थी दिल्ली के CM रेखा गुप्ता को धमकी, आरोपी ने पुलिस को क्या बताया?

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. श्लोक त्रिपाठी नाम के शख्स ने शराब के नशे में धमकी भरी कॉल की थी. जांच में पता चला है कि आरोपी ने पत्नी से झगड़े के बाद शराब पीकर नशे में धमकी भरा कॉल किया था.

धमकी देने वाला अरेस्ट

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धमकी देने वाले शख्स को गाजियाबाद और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में श्लोक त्रिपाठी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है. गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली सीएम को धमकी देने वाले शख्स को सुपुर्द कर दिया गया है, जिससे दिल्ली पुलिस अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का पत्नी से झगड़ा हो गया था. इसी झगड़े के बाद आरोपी ने शराब पी ली थी. इसके बाद उसने नशे में कॉल कर दिया. जिस नंबर से कॉल आई वो सिम गोरखपुर के पते पर रजिस्टर्ड था. धमकी भरी कॉल करने वाले अज्ञात कॉलर की लोकेशन पंचवटी कॉलोनी में ट्रेस हुई थी.

अपने रिश्तेदार के नाम पर चला रहा था सिम

इसके बाद पुलिस ने धमकी भरा फोन करने वाले श्लोक त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया. श्लोक त्रिपाठी नाम का यह शख्स अपने रिश्तेदार के नाम पर रजिस्टर्ड सिम को चल रहा था और इसी सिम का इस्तेमाल इसने धमकी भरे फोन को करने के लिए किया. देर रात गाजियाबाद पुलिस कंट्रोल रूम को उसने धमकी भरा फोन किया था.

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रितेश त्रिपाठी ने कहा कि इसकी जानकारी मिलने पर हमने दिल्ली पुलिस नियंत्रण कक्ष को कॉल के बारे में सूचित किया. पुलिस की एक टीम पंचवटी कॉलोनी पहुंची, जहां से इस कॉल को किया गया था. हालांकि, हम उस शख्स से उस समय संपर्क स्थापित करने में असमर्थ थे, जिसने 112 डायल किया था.

Follow Us