अपने पति से करा रही थी छोटी बहन का रेप, खुद बनाती थी वीडियो; खुलासे पर मचा हड़कंप

गाजियाबाद में एक महिला ने रिश्तों को शर्मसार किया. उसने अपनी नाबालिग बहन का अपने ही पति से कई बार दुष्कर्म करवाया और खुद वारदात का वीडियो बनाया. विरोध करने पर पीड़िता को धमकाया गया. मां को आपबीती बताने के बाद पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपनी ही छोटी और नाबालिग बहन का अपने ही पति से रेप करा रही थी. वारदात के दौरान खुद मौके पर मौजूद रहकर वीडियो बनाती थी. वहीं पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की तो उसकी बहन और बहनोई ने डरा धमकाकर चुप करा दिया. हालांकि तंग आकर पीड़िता ने पनी मां को आपबीती सुना दी.

इसके बाद मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को अरेस्ट किया है. मामला गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक 12 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पति-पत्नी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि पिछले महीने उसकी छोटी बहन उसके पास कुछ दिन के लिए रहने आई थी.

डरा धमकाकर कई बार किया रेप

यहां उसके पति ने उसे बहलाया-फुसलाया और डरा धमकाकर रेप किया. आरोप है कि यह पूरी वारदात महिला के सामने ही हुई. इस दौरान महिला ने भी पति का साथ देते हुए वारदात का वीडियो बनाया था. पीड़िता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि आरोपी बहनोई ने एक दो बार नहीं, बल्कि रोज-रोज उसके साथ रेप किया. वहीं जब उसने विरोध किया तो हत्या कर देने की धमकी दी. डर के मारे वह चुप रह गई.

घर लौटने पर मां को दी जानकारी

पीड़िता की मां ने बताया कि बहन के घर से लौटने के बाद मासूम बच्ची गुमसुम रहने लगी थी. काफी पूछताछ के बाद उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई. यह सुनकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. उसने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था. वहीं मामले की जांच के दौरान पीड़िता की बहन की भूमिका मिलने पर अब उसे भी अरेस्ट किया है.

Follow Us