गाजियाबाद: जनगणना कर्मी को पड़ोसी ने घर बता दिया तो पेट में मार दी गोली, हालत गंभीर

गाजियाबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां जनगणना संबंधी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. पड़ोसी ने जनगणना कर्मी को घर बता दिया, तो उससे नाराज होकर एक व्यक्ति ने उसके पेट में गोली मार दी. पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जनगणना कर्मी को घर बता दिया तो मार दी गोली

गाजियाबाद के ‎थाना मुरादनगर इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पड़ोसी ने दूसरे पर अवैध तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने घर पर जाकर उसके पेट में गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया. मोदीनगर के निवाक हॉस्पिटल में उसे भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस जांच के अनुसार, घटना की शुरुआत आदर्श कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 10:50 बजे से पहले हुई. पीड़ित वीरेंद्र त्यागी (पुत्र रामानंद त्यागी) सरकारी कार्य में सहयोग करते हुए जनगणना कर्मचारी को लेकर अपने पड़ोसी रामपाल चौधरी के घर गए थे. आरोप है कि इससे रामपाल इतना नाराज हो गया कि उसने वीरेंद्र त्यागी के पेट में गोली मार दी.

जनगणना कर्मी ने 112 पर पुलिस को दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, घर आए जनगणना कर्मचारी के साथ आरोपी रामपाल चौधरी ने पहले बदतमीजी और दुर्व्यवहार किया. ‎मामला बढ़ता देख जनगणना कर्मी ने तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस को फोन किए जाने से घबराकर आरोपी उस समय तो मौके से भाग निकला. लेकिन दोबारा लौटने के बाद वीरेंद्र के घर जा पहुंचा.

‎पुलिस को सूचना देने से नाराज रामपाल सुबह करीब 10:50 बजे वापस लौटा ओर वह सीधा वीरेंद्र त्यागी के घर में घुस गया और गाली-गलौज करने लगा. फिर अपने पास रहे अवैध तमंचे से वीरेंद्र के पेट में गोली दाग दी. गोली की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. इसके बाद आरोपी वीरेंद्र को खून से लथपथ छोड़कर मौके से फरार हो गया.

आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

वहीं, ‎घटना की सूचना मिलते ही तुरंत थाना मुरादनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल वीरेंद्र त्यागी को निवोक हॉस्पिटल, मोदीनगर में एडमिट कराया गया. एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, पीड़ित की हालत अब खतरे से बाहर है. आरोपी रामपाल चौधरी को गिरफ्तार कर मंकदमा दर्ज किया जा रहा है.

Follow Us