इस्लाम और हलाला पर की थी बोलने की जुर्रत, यूट्यूबर को मिली खौफनाक सजा; कौन हैं ‘एक्स मुस्लिम’ सलीम?

गाजियाबाद के 'एक्स मुस्लिम' यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर इस्लाम और हलाला जैसे संवेदनशील मुद्दों पर बोलने के कारण जानलेवा हमला हुआ. उन्हें धमकियां मिल रही थीं क्योंकि वे मुस्लिम समाज की कुरीतियों पर खुलकर टिप्पणी करते थे. धारदार हथियारों से उन पर हुए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हैं.

गाजियाबाद के एक्स मुस्लिम सलीम Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के यूट्यूबर ‘एक्स मुस्लिम’ सलीम पर जानलेवा हमला हुआ है. उन्हें काफी समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. उन्हें इस्लाम और हलाला जैसे संवेदनशील विषयों पर बोलने से बाज आने को कहा जा रहा था, लेकिन खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताने वाले सलीम वास्तिक पर कोई फर्क नहीं पड़ा. आखिर में शुक्रवार को अराजक तत्वों ने उनके ही दफ्तर में घुसकर हमला कर दिया. बदमाशों ने धारदार हथियार से पहले उनके गले पर, फिर पेट में वार किया. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

आनन फानन में उन्हें दिल्ली की गुरू तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. गाजियाबाद के लोनी स्थित अली गार्डन कॉलोनी में रहने वाले 50 वर्षीय यूट्यूबर सलीम वास्तिक ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से अपना यूट्यूब चैनल चलाते हैं. शुक्रवार को वह अपने दफ्तर में बैठे थे. इसी दौरान आए बदमाशों ने उनका गला रेतने के बाद पेट में चाकू घोंप दिया. बताया जा रहा है कि यह वारदात कट्टरपंथियों ने अंजाम दिया है. एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है.

कुरीतियों के खिलाफ उठा रहे थे आवाज

इस वारदात की वजह उनके द्वारा इस्लाम के खिलाफ लगातार दिए जा रहे बयानों को माना जा रहा है. सलीम वास्तिक मुस्लिम समाज की कुरीतियों, कुरान, मदरसों और मुहम्मद को लेकर खुलकर टिप्पणी करते थे. इन्हीं कुरीतियों से ऊबकर वह ना केवल खुद को एक्स मुस्लिम कहने लगे थे, बल्कि वह अपने वीडियो में मुस्लिम समाज को आत्ममंथन करने की अपील करते हुए इस्लामिक कुरीतियों, हलाल प्रथा, मदरसा शिक्षा और धार्मिक तकरीरों पर भी अपनी राय रखते थे. यहां तक कि उन्होंने अपने कई वीडियो में कुरान की आयतों पर भी सवाल उठाए हैं.

कौन हैं एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक?

गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम मूल रूप से लोनी के रहने वाले हैं. उन्होंने लोनी के आजाद स्कूल से पढ़ाई की और कुरान भी पढ़ी हैं. ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाने वाले सलीम के सोशल मीडिया पर 28 हजार से अधिक फॉलोअर हैं. उन्होंने इस्लाम को विदेशी मजहब बताते हुए सवाल उठाया है कि आखिर मुसलमानों के मन में हिंदुओं के प्रति निगेटिव धारणा क्यों बन रही है? वह मुस्लिम समाज की सामाजिक आर्थिक स्थिति पर कटाक्ष करते हैं.

अपने घर में भी अलग अलग विचार

सलीम वास्तिक अपने एक वीडियो में कहते हैं कि अपने ही घर के अंदर भी कई विचार हैं. वह कहते हैं कि उनकी मां धार्मिक रूप से कट्टर थीं. यही स्थिति उनके बहनों की भी है. हालांकि वह अपने भाइयों को उतार बताते हैं. बता दें कि सलीम के इन्हीं विचारों की वजह से कई मुस्लिम संगठन उनके ऊपर सवाल उठा चुके हैं. उनके ऊपर लगातार आरोप लगते रहे हैं कि उन्हें हिंदू संगठन प्रायोजित करते हैं. हालांकि इस बात को लेकर भी उन्होंने अपने एक वीडियो में अपना पक्ष रखा है.