6 दिन से लापता था 4 साल का पोता, घर के पास मिला शव… हत्या के आरोप में दादी गिरफ्तार

गाजीपुर में एक 4 वर्षीय मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दादी पर अपने पोते की निर्मम हत्या का आरोप है. पुलिस ने दादी को घटना स्थल से 4 किलोमीटर दूर से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद भी सामने आ रहा है. पुलिस जांच में जुटी है.

गाजीपुर में 'हत्यारिन दादी' का आरोप! Image Credit:

दादी और पोते का रिश्ता बेहद लाड और प्यार वाला होता है. लेकिन गुरुवार को गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र में एक अलग ही मामला निकल कर आया, जहां एक दादी पर ही अपने पोते के मारने का आरोप लगा है. पुलिस इस मामले में घर से फरार दादी को घटना स्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर से पकड़कर उससे पूछताछ करने में लगी हुई है.

पूरा मामला भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोडी ग्राम पंचायत का है. चार वर्षीय सिद्धार्थ 6 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे घर से अचानक लापता हो गया था. परिजनों ने काफी तलाश की, बाद में पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. इस दौरान बच्चे की दादी भी लगातार पुलिस के संपर्क में थी. अब घर से 50 मीटर की दूरी पर मासूम का क्षत विक्षत शव मिला है.

घटना के बाद से ही घर से फरार थी दादी

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह गांव की एक महिला शौच के लिए जाते समय घर से कुछ दूरी पर पड़े बच्चे के शव को देखकर घबरा गई. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. शव की हालत खराब होने के कारण पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

स्थानिक ग्रामीणों की बात माने तो शव पूरी तरह से सड़ गया था. उस मासूम के शव की बदबू दादी के कमरे के पास भी मिल रही थी. घटना के बाद से ही दादी घर से फरार थी. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घर से करीब चार किलोमीटर दूर से हिरासत में लिया. ग्रामीणों का दावा है कि परिवार में दादी और बच्चे के पिता के बीच लंबे समय से विवाद भी था.

बच्चे के जन्म के खिलाफ थीं दादी- पीड़ित पिता

मृतक बच्चे के पिता जामवंत कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उनकी मां पहले से ही बच्चे के जन्म के खिलाफ थीं और परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था. उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे उनकी मां ने ही लोगों से कहा था कि पोता वापस आ गया है. इसके बाद ग्रामीणों ने तलाश की, लेकिन बच्चा नहीं मिला. सुबह उसका शव बरामद हुआ.

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल सोनकर ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ जारी है. पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us