गिरवी रखा सोना तो लौटाया नहीं, करने लगा ब्लैकमेल; थाने पहुंची टी सीरिज की सिंगर

टी-सीरीज़ गायिका नीलम शर्मा ने आर्थिक तंगी में ₹1.70 करोड़ के जेवर गिरवी रखे थे. आरोप है कि कारोबारी ने उन्हें लौटाने की बजाय AI से अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया और ₹50 लाख की मांग की. पीड़िता ने गाजीपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज किया गया है.

सिंगर नीलम शर्मा ने गाजीपुर कोतवाली में दर्ज कराया केस Image Credit:

समय खराब हो तो कभी-कभी अपना ही धन मुसीबत का कारण बन जाता है. ऐसा ही एक मामला गाजीपुर में सामने आया है. यहां मुफलिसी के दौर में टी-सीरीज की गायिका नीलम शर्मा ने करीब एक करोड़ 70 लाख रुपये कीमत के जेवर गिरवी रखे थे. हालात संभलने पर जब वह अपने जेवर छुड़ाने गईं तो कारोबारी ने एआई से उनकी अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने लगा. हालांकि पीड़िता ने पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया और अब पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

गाजीपुर के रजदेपुर देहात निवासी गायिका ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उनके पति हरिशंकर पांडेय धनबाद में कोयले का कारोबार करते थे. एक बार कारोबार में परेशानी आने की वजह से परिवार आर्थिक संकट में आ गया था. इसी दौरान चंदौली निवासी हरिनारायण राय के माध्यम से उनकी मुलाकात गाजीपुर के संजय राय से हुई. संजय ने मुंबई में शिपिंग का कारोबार करने की बात बताते हुए उसमें पैसा लगाने पर अच्छे मुनाफे का भरोसा दिया.

झांसे में लेकर किया शिकार

नीलम के अनुसार, उनके पति ने आर्थिक परेशानी की बात कही तो आरोपी ने उनके पति के खाते में करीब 15 लाख रुपये भेज दिए. फिर एक महीने बाद ही वह अपना पैसा वापस मांगने लगा. मजबूरी में उन्होंने आरोपी के पास घर में रखे एक किलोग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 1.70 करोड़ रुपये है, गिरवी रखनी पड़ी. इसके एवज में आरोपी ने 30 लाख रुपये और उनके खाते में भेज दिए. यह सारा लेनदेन गवाहों की मौजूदगी और लिखापढ़ी में हुआ है.

वापस मांगने पर रचने लगा साजिश

कुछ समय बाद नीलम शर्मा ने ब्याज सहित रकम चुकता कर अपने जेवर छुड़ाने की कोशिश की. आरोप है कि इसके बाद संजय ने उन्हें मुंबई के राजस्थान गेस्ट हाउस में बुलाया गया, जहां गरिमा शर्मा से मुलाकात कराई गई. फिर उसने हरिशंकर पांडेय को कई कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया और इस दौरान खींची गई तस्वीरों को बाद में एडिट कर अश्लील रूप दे दिया. यही नहीं, आरोपी ने ये अश्लील तस्वीरें मोबाइल पर भेजकर 50 लाख रुपये की डिमांड भी की. परेशान होकर पीड़िता ने अब पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us