वीर अब्दुल हमीद के पार्क में चोरी, RCL गन और जीप भी तोड़ी; क्यों चुप है पुलिस?

गाजीपुर में परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के पार्क में चोरी और तोड़फोड़ की घटना हुई है. अराजक तत्वों ने शहीद स्तंभ से लेजर लाइट चुराई और RCL गन व जीप की डमी को क्षतिग्रस्त कर दिया. तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे परिजनों में गहरा रोष है. वे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और पार्क की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.

वीर अब्दुल हमीद पार्क, गाजीपुर Image Credit:

गाजीपुर में परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की स्मृतियों से जुड़े पार्क में चोरी और तोड़फोड़ की घटना हुई है. अराजक तत्वों ने इस पार्क में बने शहीद स्तंभ पर लगी लेजर लाइट चोरी कर ली है. यही नहीं शहीद वीर अब्दुल हमीद की वीरता की गाथा से जुड़ी RCL गन और जीप की डमी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. घटना तीन दिन पहले की है, लेकिन अभी तक पुलिस ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की है.

घटना की जानकारी होने पर वीर अब्दुल हमीद के परिजनों ने स्थानीय पुलिस और एसडीएम को अपनी ओर से भी शिकायत दी है. बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसको लेकर परिजनों ने रोष प्रकट किया है. बता दें कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में वीर अब्दुल हमीद ने अपनी RCL गन से अमेरिका निर्मित और उस दौर में अजेय माने जाने वाले कई पैटन टैंकों को ध्वस्त कर दिया था.

CDS विपिन रावत ने किया था लोकार्पण

इस युद्ध में दिखाए उनके अदम्य साहस और गौरवपूर्ण इतिहास को दर्शाने वाली RCL गन और जीप की डमी पार्क में स्थापित की गई थी. इसका लोकार्पण पूर्व CDS जनरल बिपिन रावत ने किया था. अब शहीद की यादों को संजोकर रखने वाले इसी पार्क में लेजर लाइट चोरी, जीप की डमी में तोड़फोड़ और स्टील पाइपों को क्षतिग्रस्त किए जाने से परिजन आहत हैं. उनका आरोप है कि पार्क की अनदेखी की वजह से यह घटना हुई है.

परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

वीर अब्दुल हमीद के पुत्र जमील अहमद ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने पार्क की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी या होमगार्ड की तैनाती की भी मांग की है. जमील अहमद ने बताया कि 26 जनवरी और 15 अगस्त को शहीदों को याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी स्मृतियों और विरासत को सुरक्षित रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है.

Follow Us