बहन से छेड़खानी के विरोध में मारपीट, एक भाई की मौत; दूसरे की हालत नाजुक
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर 9 वर्षीय मासूम की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल है. यह दिल दहला देने वाली घटना पिपराइच थानाक्षेत्र की है. पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों ने पुलिस पर देरी से पहुंचने और समझौता कराने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश की सीएम सिटी गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने चौथी क्लास में पढ़ने वाले एक 9 वर्षीय भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी. वहीं दूसरे भाई को बुरी तरह से जख्मी कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मामला गोरखपुर में पिपराइच थानाक्षेत्र की है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पर रॉड, डंडे आदि से वार किया. इस वारदात में किशोर सहित दो लोग घायल हो गए. आनन फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 9 वर्षीय किशोर सरस सिंह की मौत हो गई. पुलिस ने पीड़ित पक्ष के तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. इस मामले में एसएसपी गोरखपुर ने पिपराईच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है.
एक महीने पुरानी रंजिश
पुलिस के मुताबिक माधोपुर गांव में रहने वाले राजू सिंह ने करीब एक महीने पहले बेटी से छेड़खानी की शिकायत दी थी. बताया था कि उनके तीन बेटे और बेटी हैं. उनके साथ ही उनके साढू का बेटा शरद सिंह भी रहता है. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शनिवार की रात करीब नौ बजे बेला चौराहे के पास घात लगाकर उनके बेटे शिवकुमार और उनके साढ़ू के बेटे सरस सिंह पर हमला कर दिया. आरोपियों ने लाठी-डंडे से बुरी तरह पिटाई की. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
कार्रवाई के बजाय समझौता कराने में जुटी
परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. बावजूद इसके पुलिस मौके पर देरी से पहुंची और समझौता कराने में समय बीता दिया. इसके बाद घायलों को सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां से दोनों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया. जहां सरस सिंह की मौत हो गई, वहीं शिवकुमार की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. सीओ चौरीचौरा कुंदन कुमार सिंह के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन भी कर दिया गया है.