BRD मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर सख्त कार्रवाई, 18 सीनियर छात्र एक महीने के लिए सस्पेंड, 25-25 हजार का जुर्माना भी लगाया गया

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सीनियर छात्रों पर जूनियर्स की रैगिंग लेने का आरोप लगा था. अब इस मामले में नेशनल मेडिकल काउंसिल के निर्देश के बाद कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने 18 छात्रों को सस्पेंड कर दिया है. इसके अलावा 2 छात्राओं को वॉर्निंग दी गई है. साथ ही सस्पेंड हुए छात्रों पर 25-25 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है.

बीआरडी मेडिकल कॉलेज (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आया है. इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषी पाए गए 18 सीनियर छात्रों को एक महीने के लिए कॉलेज से सस्पेंड कर दिया है. साथ ही इन सभी पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है. इन पर साल 2025 बैच के जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने का आरोप है. सीनियर छात्रों का साथ देने के इल्जाम में पांच अन्य छात्रों पर भी कार्रवाई हो सकती है. बुधवार को हुई एंटी रैगिंग कमेटी की मीटिंग में यह फैसला लिया गया है.

दो रेजिडेंस छात्राओं को भी वार्निंग

जिन 18 छात्रों को सस्पेंड किया है, उनमें से 10 छात्र 2024 बैच के हैं, जबकि बाकी छात्र 2023 और 2022 बैच के है. एंटी रैगिंग कमेटी ने दो रेजिडेंस छात्राओं को भी इस मामले में वार्निंग नोटिस जारी करने का फैसला लिया है. NMC के मेल के बाद 23 मई को कॉलेज प्रशासन सक्रिय हुआ. छात्रों से पूछताछ और उनके बयान के आधार पर बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने बैठक कर यह निर्णय लिया था.

सीनियर्स पर जूनियर्स से अभद्र व्यवहार का आरोप

12 से 14 मई की रात कॉलेज के राजेंद्र हॉस्टल में जूनियर छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया गया. इसको लेकर एक छात्र ने नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) और यूजीसी को मेल कर शिकायत की थी. मेल में आरोप लगाया गया था कि सीनियर छात्र आए दिन हॉस्टल में पहुंचकर जूनियर छात्रों को घंटों खड़ा रखते हैं, और उन्हें डराते धमकाते हैं. छात्र ने जो मेल किया था उसमें 18 छात्रों के नाम भी थे.

सीनियर-जूनियर छात्रों से आमने-सामने पूछताछ हुई

NMC ने कालेज प्रशासन को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने की निर्देश दिए थे. साथ ही रिपोर्ट भेजने को भी कहा था. इसके बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर राम कुमार के नेतृत्व में एंटी रैगिंग कमेटी की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई. मीटिंग में 2025 बैच के जूनियर छात्रों(फर्स्ट ईयर छात्र) और आरोपी सीनियर छात्रों को बुलाकर आमने-सामने पूछताछ की गई.

छात्रों के माता-पिता को कॉलेज बुलाया गया

एंटी रैगिंग कमेटी ने कड़ा फैसला लेते हुए. छात्रों को एक महीने के लिए सस्पेंड करने के साथ 25000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है. इतना ही नहीं आरोपी छात्रों के माता-पिता को भी कॉलेज में बुलाकर सख्त हिदायत और चेतावनी दी गई है. इसके अलावा इसी बैच के पांच अन्य छात्रों पर भी कार्रवाई हो सकती है, जिन पर सीनियरों का साथ देने का इल्जाम है. इसके अलावा कमेटी ने दो रेजिडेंट छात्राओं को भी इस मामले में वार्निंग नोटिस जारी करने का फैसला लिया है.

Follow Us