‘उपाधि मिलने से डॉक्टर नहीं बन जाएंगे…’ CM योगी ने फिर ले ली MP रवि किशन की चुटकी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन की मानद डॉक्टरेट उपाधि पर चुटकी ली है. उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा कि केवल उपाधि मिलने से कोई डॉक्टर नहीं बन जाता और इससे नौकरी भी नहीं मिलेगी. सीएम ने रवि किशन को सलाह दी कि वे इस डिग्री को गले में टांग सकते हैं, पर इलाज करने न जाएं. यह टिप्पणी गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां योगी ने उन्हें मानद उपाधि के लिए बधाई भी दी.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सांसद रवि किशन की चुटकी ले ली. सीएम योगी ने कहा कि केवल उपाधि मिल जाने से आप डॉक्टर नहीं बन गए. उपाधि मिली है तो नाम के आगे डॉक्टर लिख लीजिए, लेकिन इलाज करने मत चले जाइएगा. सीएम योगी आज गोरखपुर में थे और रामगढ़ ताल स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में सांसद रवि किशन के साथ शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह में बोल रहे थे.
उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि अभी रवि किशन हमसे कह रहे थे कि आपने मुझे बधाई नहीं दी. उन्होंने पूछा कि किस बात की बधाई तो रवि किशन ने बताया कि उन्हें पीएचडी की उपाधि मिली है. फिर सीएम योगी ने चुटकी लेते हुए कहा कि तो भाई वह मानद उपाधि है. उसे गले में तो टांग सकते हैं, लेकिन उससे नौकरी नहीं मिलती. इस बात पर रवि किशन ने कहा कि वह अपने नाम के साथ प्रोफेसर लिखेंगे. इसके जवाब में सीएम ने कहा कि ऐसा आप नहीं कर सकते.
इस डिग्री पर नहीं मिलेगी नौकरी
सीएम योगी ने कहा कि इस डिग्री को लेकर जाएंगे तो उसके नाम पर आपको नौकरी नहीं मिलेगी. उसे आप केवल गले में टांग सकते हैं. अपने गले में लटका के जाइए. सीएम योगी यहीं नहीं रूके. उन्होंने कहा कि रवि किशन ने कहा कि वह नाम के पहले डॉक्टर लिखेंगे. इसपर सीएम योगी ने कहा कि डॉक्टर भी नहीं लिख सकते. अगर रवि किशन ऐसे डॉक्टर बनकर कहीं उपचार करने चले गए तो क्या होगा. फिर सीएम योगी ने उन्हें मानद उपाधि उपाधि के लिए बधाई भी दी.
LNCTU ने दी है उपाधि
गोरखपुर से सांसद रवि किशन को अभी हाल ही में भोपाल में LNCT University ने मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी है. यह उपाधि उन्हें 4 मई को आयोजित समारोह में दिया गया. सीएम योगी ने इस सम्मान के लिए सांसद रवि किशन को बधाई देते हुए कहा कि इसे गले में टांग कर घूमिए. इससे कार्यक्रम में ठहाके गूंज गए. खुद सांसद रवि किशन भी सीएम योगी की बात पर मुस्कराते रहे.