गोरखपुर में भयानक हादसा, दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, ड्राइवर और खलासी जिंदा जलकर हुए खाक

गोरखपुर में दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़त हो गई. हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई. ऐसे में एक ट्रक में ड्राइवर और खलासी फंस गए. जबतक आग बुझाई जाती तब तक दोनों जलकर कंकाल बन गए. वहीं, दूसरे ट्रक के घायल ड्राइवर और खलासी घायल हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गोरखपुर में दर्दनाक सड़क हादसा Image Credit:

गोरखपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, तेज रफ्तार दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद दोनों ट्रक में आग लग गई. इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए. इस हादसे के बाद सड़क पर कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई. सूचना पर मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई.

दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

फायर विभाग की टीम ने 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था. पुलिस और दमकल कर्मियों ने ट्रक के अंदर से चालक और खलासी के कंकाल बाहर निकाले. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों की पहचान कराने में जुट गई है. यह पूरा मामला गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के अजवनिया इलाके में कुशीनगर –लखनऊ फोरलेन का है.

रॉन्ग साइड आने के चलते आमने-सामने हुई थी भिड़त

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है. वहीं, हाईवे से जले हुए ट्रकों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया जा रहा है ताकि यातायात सामान्य हो सके. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुशीनगर –लखनऊ फोरलेन पर मक्का लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था. ऐसे में सुबह करीब 5 बजे हाईवे पर दूसरा ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था. अजवानिया गांव पास दोनों ट्रकों में भीषण टक्कर हो गई. आग की चपेट में आने से ट्रक ड्राइवर और खलासी ट्रक में ही फंस गए, जिसके कारण दोनों आग में जिंदा जल गए.

Follow Us