पथरी के ऑपरेशन में युवक की मौत पर बवाल, अस्पताल छोड़कर भागे डॉक्टर; स्टॉफ ने कह दी बड़ी बात
गोरखपुर के आनंदलोक अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद 25 वर्षीय युवक अभिषेक मद्धेशिया की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने डॉक्टरों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जिसके बाद डॉक्टर अस्पताल से फरार हो गए. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. स्टाफ की रहस्यमय टिप्पणी ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
उत्तर प्रदेश की सीएम सिटी गोरखपुर में डॉक्टरों की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई. जानकारी होने पर युवक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. वहीं, बवाल बढ़ते देखकर अस्पताल के डॉक्टर फरार हो गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर अस्पताल के डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज किया है. वहीं युवक की मौत के कारणों की पड़ताल के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मामला गोरखपुर में गोरखनाथ थाना क्षेत्र के आनंदलोक अस्पताल में बुधवार की सुबह का है. युवक के पिता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था. हाल ही में उसने रिटेन दिया था. पेपर बहुत अच्छा गया था. इसी बीच उसे मंगलवार को पित्त की थैली में पथरी के ऑपरेशन के लिए आनंदलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन ऑपरेशन के बाद उनके बेटे की हालत बिगड़ने लगी और थोड़ी ही देर में मौत हो गई.
जानकारी देने से बचते रहे डॉक्टर
पीड़ित पिता के मुताबिक ऑपरेशन के बाद उनके बेटे की तबियत बिगड़ने की सूचना उन्हें नहीं दी गई. वहीं जब बेटे की मौत हो गई तो भी सूचना को छिपाया गया. इसके बाद डॉक्टर अस्पताल से भाग गए और स्टॉफ ने उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी. इसके बाद अस्पताल में मौजूद युवक के परिजन हंगामा करने लगे. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया. इसके बाद मृत युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया है.
स्टॉफ ने क्यों कही ऐसी बात?
मृत यवक के पिता ने पुलिस को बताया कि वह बेटे के ऑपरेशन के लिए आए तो उसी समय इस अस्पताल के दो स्टाफ ने उन्हें संकेत दे दिया था. कहा था कि अभी हंस रहे हो, थोड़ी ही देर बाद रोना पड़ेगा. उस समय तो उन्हें समझ नहीं आया, लेकिन बेटे की मौत से साफ हो गया है कि इस अस्पताल में जानबूझकर उनके बेटे का गलत ऑपरेशन हुआ है, जिससे उसकी मौत हुई है. गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
बचपन से होशियार था बेटा
गोरखपुर में पीपीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 भगवानपुर के रहने वाले सुरेंद्र मद्धेशिया यहां कस्बे में ही चाय की दुकान करते हैं. उन्होंने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं. बड़ा बेटा 25 वर्षीय अभिषेक मद्धेशिया दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था. हाल ही में उसने रिटेन दिया था और पेपर काफी अच्छा गया था. उसे उम्मीद थी कि उसका सिलेक्शन हो जाएगा. उन्होंने बताया कि अभिषेक बचपन से ही काफी होशियार था.