गाजीपुर में रहस्यमयी बीमारी से बच्चे हो रहे दिव्यांग, राज्यपाल खुद पहुंचीं मिलने; दिए जांच के आदेश
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गाजीपुर में दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की, जिन्हें रहस्यमयी बीमारी ने प्रभावित किया है. उन्होंने बच्चों और परिजनों से संवाद किया, साथ ही उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की. राज्यपाल के निर्देश पर BHU की एक मेडिकल टीम भी गांव पहुंचकर जांच की.
गाजीपुर जनपद के करीब एक दर्जन गांव में रहस्यमयी बीमारी के चलते बच्चे दिव्यांग हो रहे हैं. करीब एक महीने पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तक यह मामला पहुंचा था. उन्होंने तब जिला अधिकारी को पत्र लिखकर दिव्यांगों की जांच करने के निर्देश दिए थे. वहीं, शुक्रवार को राज्यपाल गाजीपुर पहुंचकर दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की.
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सुबह 10 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचीं. दिव्यंगता से प्रभावित उन सभी गांव के बच्चों और उनके परिजनों को पुलिस लाइन बुलाया गया था. राज्यपाल ने करीब दो घंटे तक उन सभी बच्चों और उनके परिजनों से संवाद किया. साथ ही कहा कि वह स्वास्थ्य मंत्री को भी निर्देश देंगी कि वह इन गांव में मेडिकल टीम भेज कर इनकी जांच कराएं.
एक-एक कर सभी दिव्यांग बच्चों से मिलीं राज्यपाल
बच्चों में दिव्यंगताआने के मामला में करीब एक महीना पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखा गया था. समाज सेवी सिद्धार्थ राय ने यह मामला राज्यपाल तक पहुंचा था. उन्होंने बताया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गाजीपुर के पुलिस लाइन पहुंची थी और उन्होंने एक-एक कर सभी दिव्यांग और उनके परिवारों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना.
साथ ही उन्होंने बताया कि वह इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री को भी निर्देश देंगी, ताकि इन्हें आगामी दिनों में लाभ पहुंच सके. इससे दो दिन पहले राज्यपाल के निर्देश पर BHU की एक मेडिकल टीम भी गांव में पहुंचकर बच्चों में दिव्यंगता के कारण की जांच किया. सभी दिव्यांगों की जांच गाजीपुर जिला अस्पताल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय लाकर भी किया गया था.
वहीलचेयर समेत अन्य उपकरण का वितरण किया
आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पुलिस लाईन सभागार में दिव्यांग बच्चो से संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, साथ ही दिव्यांगजनों को वहीलचेयर एवं अन्य उपकरण आदि का वितरित किया. जिससे उन्हें अपने जीवन में सुविधा हो सके. इस अवसर पर दिव्यांग बच्चो द्वारा ‘‘तारे जमीन पर‘‘ गीत पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गयी.
राज्यपाल ने इसके अलावा 200 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियो को प्री-स्कूल किट का वितरण, पोषण अभियान के अन्तर्गत 10 पोषण पोटली बांटे, मुख्यमत्री युवा उद्यमी अभियान के 250 लाभार्थियों को डमी चेक दिया. साथ ही सभागार में मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 200 लाभार्थियों को घर की चाभी का वितरण भी वितरण किया गया.