ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा, 37वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में बड़ा हादसा हुआ. 37वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. ये दोनों 37वीं मंजिल पर चढ़कर मजदूरी का काम कर रहे थे, तभी अचानक सेफ्टी बेल्ट टूट गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घटना की जांच शुरू कर दी है.

ग्रेटर नोएडा: 37वीं मंजिल से गिरकर 2 मजदूरों की मौत Image Credit:

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर 152 स्थित एक निर्माणधीन बिल्डिंग से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जहां सेफ्टी बेल्ट टूटने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां 37वीं मंजिल से गिरकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर सटरिंग पर चढ़कर मजदूरी का काम कर रहे थे.

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार दोपहर 1 बजे के आसपास की है. यहां टावर नंबर 23 की 37वीं मंजिल पर चढ़कर कुछ मजदूर काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक दो मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट टूट गई और दोनों ऊंचाई से नीचे गिर गए. दोनों मजदूरों के नीचे गिरते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई. दोनों मृतक पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे.

दोनों कुंडली गांव में किराए के मकान पर रह रहे थे

घटना के बाद बिल्डिंग में काम कर रहे अन्य मजदूर मौके पर दौड़े और गंभीर हालत में दोनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 24 वर्षीय रईस उल हक और 45 वर्ष से अब्दुल समद के रूप में हुई है. दोनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और कुंडली गांव में किराए के मकान पर रह रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक निर्माणधीन साइट पर काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूटने से हादसा होने के बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस मौके पर जांच पड़तालस करने में जुटी है और शांति व्यवस्था कायम है.

सुरक्षा मानकों में अनदेखी की संभावना पर भी जांच

वहीं, पुलिस अधिकरियों का कहना है कि घटना की जांच शुरू कर दी है. पूरे मामले की जांच की जा रही है और अनदेखी की संभावना पर गौर किया जा रहा है. यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं? फिलहाल पुलिस मौके पर है और शांति व्यवस्था कायम है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us